राजस्थान में विधानसभा उपचुनाव में सातों सीटें जीतेगी भाजपा-भजनलाल

Wed, Nov 13 , 2024, 07:49 PM

Source : Uni India

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा (Bhajan Lal Sharma) ने दावा किया है कि प्रदेश में बुधवार को सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी भारी मतों से चुनाव जीतेंगे।

शर्मा ने मतदान संपन्न होने के बाद शाम को मतदान के लिए सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए । यह दावा किया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान जिस क्षेत्र में भी गए, वहां की जनता का अपार जन समर्थन भाजपा के प्रति दिखा। उन्होंने कहा कि चुनाव में लगे भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर मेहनत की और जनता ने 11 महीने की सरकार में हुए जनकल्याण के कार्यों के प्रति अपना समर्थन दिखाया है। राजस्थान की जनता में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) की लोकप्रियता सर्वाधिक है और इसका फायदा इन चुनावों में भाजपा को मिला है।

उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने लोकतंत्र की मजबूती एवं विकास के लिए जागरूकता से मतदान कर अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन किया है। राजस्थान की जनता समझदार है और उसने सोच-समझकर मतदान किया है। जनता को पता है कि उसका विकास केवल भाजपा ही कर सकती है। इसलिए उनका वोट डबल इंजन की सरकार को और मजबूत बनाने के लिए पड़ा है। इस चुनाव में महिला, युवा, किसान, गरीब सहित हर वर्ग का समर्थन भाजपा के साथ था। भाजपा की सभाओं में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी ने इसको साबित भी किया। चौरासी की सभा तो ऐतिहासिक थी, जिसमें आदिवासी भाईयों ने हजारों की संख्या में आकर भाजपा के पक्ष में खड़े होकर विभाजनकारी ऐजेंडे को करारा जवाब दिया।

मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने पूरे दिन मतदान पर नजर रखी। उन्होंने उपचुनाव वाली सीटों सलूम्बर, चौरासी, झुंझुनूं, खींवसर, दौसा, रामगढ़ एवं देवली-उनियारा में जिम्मेदारी निभा रही चुनावी टीमों, पार्टी पदाधिकारियों व प्रभारियों से मतदान का पल-पल फीडबैक लिया। उन्होंने प्रदेश स्तर पर चुनाव मैनेजमेंट टीम और वॉररूम की टीम को भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कड़ी मेहनत करने वाले समस्त पार्टी कार्यकर्ताओं का भी आभार जताया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने सात सीटों पर हुए विधानसभा उपचुनाव के दौरान सभी सीटों पर दो-दो बार चुनावी सभाएं की।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups