झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए प्रथम चरण का मतदान शुरू

Wed, Nov 13 , 2024, 10:27 AM

Source : Uni India

रांची,13 नवंबर (वार्ता)। झारखंड विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Elections) के प्रथम चरण की 43 सीटों (43 seats) पर आज सुबह 7:00 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने बताया कि 43 विधानसभा क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सुबह 7:00 से मतदान शुरू हुआ है और पांच बजे शाम तक मतदान होगा। 950 बूथों पर मतदान समाप्ति की अवधि शाम चार बजे होगी, लेकिन मतदान समय की समाप्ति के बाद भी कतार में खड़े लोग मतदान कर सकेंगे।
श्री कुमार ने ने कहा कि प्रथम चरण के चुनाव में कुल 1.37 करोड़ मतदाता मतदान में हिस्सा ले रहे हैं। उनमें पुरुष मतदाता 68.73 लाख और महिला मतदाताओं की संख्या 68.36 लाख है। थर्ड जेंडर के मतदाताओं की संख्या 303 है। 85 वर्ष से अधिक के मतदाताओं की संख्या 63,601 है। जबकि, दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 1.91 लाख है। वहीं 18-19 साल के मतदाताओं की संख्या 6.51 लाख है।
श्री कुमार ने बताया कि प्रथम चरण में कुल 43 विधानसभा सीटों पर जहां आज मतदान हो रहा है उसमें से 17 सीट सामान्य, 20 अनुसूजित जनजाति और 6 सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। इन 43 सीटों से 683 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। उनमें 609 पुरुष, 73 महिला और एक प्रत्याशी थर्ड जेंडर के हैं। प्रथम चरण के चुनाव के लिए कुल 15,344 मतदान केंद्र हैं। इसमें से 12,716 बूथ ग्रामीण और 2,628 बूथ शहरी क्षेत्र में स्थित हैं।इनमें से 50 बूथ यूनिक कैटेगरी में हैं। 1,152 मतदान केंद्रों पर मतदान की पूरी प्रक्रिया का जिम्मा महिलाओं के हाथों में रहेगा। जबकि, 23 बूथों की जिम्मेदारी युवा और 24 बूथों का जिम्मा दिव्यांग लोग संभालेंगे।
झारखंड में पहले चरण में कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, बड़कागांव, हजारीबाग, सिमरिया (अजा), चतरा (अजा), बहरागोड़ा, घाटशिला (अजजा), पोटका (अजजा), जुगसलाई (अजा), जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, ईचागढ़, सरायकेला (अजजा), चाईबासा (अजजा), मझगांव (अजजा), जगन्नाथपुर (अजजा), मनोहरपुर (अजजा), चक्रधरपुर (अजजा), खरसांवा (अजजा), तमाड़ (अजजा), तोरपा (अजजा), खूंटी (अजजा), रांची, हटिया, कांके (अजा), मांडर (अजजा), सिसई (अजजा), गुमला (अजजा), विशुनपुर (अजजा), सिमडेगा (अजजा), कोलेबिरा (अजजा), लोहरदगा (अजजा), मनिका (अजजा), लातेहार (अजा), पांकी, डालटेनगंज, विश्रामपुर, छतरपुर (अजा), हुसैनाबाद, गढ़वा, भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्रों में आज मतदान हो रहा है।
प्रथम चरण के मतदान में आज जिन प्रमुख नेताओं की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है उनमें पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा, उड़ीसा के राज्यपाल रघुवर दास की बहू पूर्णिमा साहू, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व मंत्री के एन त्रिपाठी, पूर्व मंत्री सरयू राय, पूर्व मंत्री सीपी सिंह, राज्यसभा सदस्य महुआ माजी,वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव और अजय नाथ शाहदेव शामिल है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups