Heavy waterlogging: मुंबई में मूसलाधार वर्षा से निचले इलाकों में भारी जलभराव

Mon, Jul 08 , 2024, 09:36 AM

Source : Uni India

मुंबई।मुंबई और उसका महानगरीय क्षेत्र (MMR) रात भर हुई भारी बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुआ है और इसके कारण कई निचले इलाकों में भारी जलभराव हो गया। महानगरीय क्षेत्र में रविवार रात से भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण सोमवार को मध्य रेलवे (Central Railway) और पश्चिमी रेलवे (WR) की उपनगरीय रेल सेवाएं प्रभावित हुईं। बृहन्मुंबई नगर निगम (Brihanmumbai Municipal Corporation) ने बाढ़ के पानी को बाहर निकालने के लिए कई स्थानों पर पंप लगवा दिये हैं। आधी रात के बाद पिछले छह से सात घंटों के दौरान मुंबई-एमएमआर के कई इलाकों में 250 से 300 से अधिक मिलीमीटर (mm) बारिश हुई। बीएमसी अधिकारियों ने कहा, “ मुंबई में आज तड़के करीब एक बजे से सुबह सात बजे तक छह घंटे की अवधि में विभिन्न स्थानों पर 300 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। कुछ निचले इलाकों में भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया और उपनगरीय रेल सेवाएं बाधित हुईं।”

बीएमसी ने कहा कि मुंबई के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने दिन में भारी बारिश की चेतावनी दी है, इसलिए सरकारी, निजी स्कूलों और कॉलेजों में दिन के पहले सत्र के लिए छुट्टी घोषित कर दी गई है। नगर निकाय ने लोगों से मौसम को देखते हुए आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। रविवार सुबह आठ बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक 22 घंटे की अवधि के दौरान, मुंबई शहर में औसतन 110.10 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 150.53 मिमी और 146.35 मिमी बारिश हुई।
माटुंगा रोड और दादर स्टेशनों के बीच भारी जलभराव के कारण पश्चिम रेलवे की उपनगरीय ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 10 मिनट से अधिक देरी से चल रही हैं।

मध्य रेलवे के अधिकारियों ने बताया, “ भांडुप और नाहुर के बीच भारी बारिश तथा जलभराव के कारण, स्टेशनों पर ताले लगाकर ट्रेनें चलाई जा रही हैं। ”मुंबई और पुणे के बीच कई ट्रेनें भारी वर्षा के कारण  जलभराव होने से दिन भर के लिए रद्द कर दी गईं। पालघर जिले के वसई-विरार और ठाणे जिले के कल्याण-डोंबिवली के पश्चिमी उपनगरों में भी भारी  बारिश हुई।रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के दक्षिण कोंकण जिलों में भी भारी बारिश हुई, जिससे कई नदियां उफान पर हैं। मुंबई में कई जगहों पर दोपहिया और चार पहिया वाहन खराब होने की वजह से फंसे हुए देखे जा सकते हैं। रविवार को ठाणे-पालघर क्षेत्र में बाढ़ के पानी से 200 से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups