राहुल की तस्वीर पर जूता मारने को लेकर विवाद जारी

Fri, Mar 24 , 2023, 07:03 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

० सदन का कामकाज तीन बार स्थगित
मुंबई।
विधानभवन की सीढ़ियों पर सत्तापक्ष के आंदोलन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की तस्वीर को जूते मारने को विवाद शुक्रवार को भी जारी रहा। विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही नाना पटोले (Nana Patole) ने मामला उठाते हुए यह हरकत करने वाले विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसका विरोध करते हुए भाजपा के आशीष शेलार (Ashish Shelar) ने कहा कि मुख्यमंत्री को रोजाना गद्दार बोलने वालों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। इसके बाद विपक्ष और सत्तापक्ष दोनों ओर के सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। विपक्षी सदस्य मोदी सरकार के खिलाफ नारे लगाने लगे, जिससे भाजपा के सदस्य और आक्रामक हो गए। हंगामे के चलते विधानसभा की कार्यवाही 20-20 मिनट के लिए दो बार और फिर 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि विधानमंडल का सम्मान बनाए रखने के लिए इसके परिसर में विधायकों को किस तरह का आचरण करना चाहिए इसकी आचार संहिता तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो लोग आचारसंहिता का उल्लंघन करेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विपक्ष के हंगामे को लेकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर का बार बार अपमान करना देशद्रोह है। उसके बाद आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देना देश का अपमान है। पिछले आठ महीने से मुख्यमंत्री की तस्वीर लगाकर आपत्तिजनक बातें लिखी जा रहीं हैं। विधान भवन परिसर में खोके, गद्दार, मिंदे बोलना कौन सी आचार संहिता है। अगर कार्रवाई होगी तो उन लोगों के खिलाफ भी होनी चाहिए जो ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने तस्वीर को जूते मारने का विरोध किया। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने कल ही मामले में साफ कर दिया कि हम इसका समर्थन नहीं करते। लेकिन जब विपक्ष हमारी ओर उंगली उठाता है तो उनकी ओर भी तीन उंगलियां होती हैं। हम बोलते नहीं इसका मतलब यह नहीं कि हम बोल नहीं सकते।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups