सभी सपनों को साकार करेगी शिंदे-फडणवीस की जोड़ी: पीएम मोदी  

Thu, Jan 19 , 2023, 08:31 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

 डबल इंजन सरकार आने से विकास पटरी पर आया
दिल्ली से मुंबई तक बने बेहतर तालमेल वाली व्यवस्था    
डबल इंजन सरकार नहीं होने पर हर काम में डाला गया अड़ंगा
मुंबई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने गुरुवार को मुंबई में लगभग 40 हजार करोड़ रुपए की कई परियोजना का उद्घाटन और शिलान्यास करते हुए एक तरह से मुंबई मनपा चुनाव का बिगुल फूंक दिया। बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (Bandra-Kurla Complex) के एमएमआरडीए मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सभी मिलकर प्रयास करें तो असंभव कुछ भी नहीं है। हम मिलकर मुंबई को विकास की ऊंचाई पर लेकर जाएंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) की जोड़ी वाली सरकार आपके सभी सपनों को साकार करेगी। पीएम मोदी ने कहा कि राज्य में डबल  इंजन सरकार नहीं होने से हर काम में अडंगा डाला गया, इसका नुकसान सभी को उठाना पड़ा। मुंबई को भविष्य के लिए तैयार करना डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता है, इसके लिए जरूरी है कि दिल्ली से लेकर मुंबई तक बेहतर तालमेल वाली व्यवस्था बने। प्रधानमंत्री का इशारा बीएमसी में भाजपा वाली ट्रिपल इंजन सरकार की तरफ था।
मुंबई के हक का पैसा लगे सही जगह
अपने भाषण की शुरुआत मराठी से करते हुए पीएम मोदी ने राज्य की शिंदे-फडणवीस सरकार की तारीफ की और उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार का नाम न लेते हुए उसे निशाना भी बनाया। पीएम ने कहा कि नदियों में गंदा पानी नहीं मिले, इसके लिए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जा रहे हैं। देश के पास सामर्थ्य और राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी नहीं है। हमें यह बात समझनी होगी कि बिना स्थानीय निकाय के मुंबई जैसे शहर में परियोजना को जमीन पर नहीं उतारा जा सकता। स्थानीय निकाय की सहमति होती है तो काम तेजी से जमीन पर उतरते हैं। मुंबई के विकास में स्थानीय निकाय की बड़ी भूमिका है। बजट की कमी नहीं है, लेकिन मुंबई के हक का पैसा सही जगह पर लगना चाहिए। पीएम ने कहा कि विकास को रोकने से मुंबई प्रभावित होगी और मुंबई का विकास कैसे होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुंबई मेट्रो की वजह से मुंबई शहर का कायाकल्प होने जा रहा है। कर्मचारी, दुकानदार, व्यापारी से लेकर आम लोगों को यहां रहना सुविधाजनक होगा। आसपास के जिलों से मुंबई आना आसान होगा। कई प्रोजेक्ट मुंबई को नई ताकत दे रहे हैं। मेट्रो प्रोजेक्ट,कोस्टल रोड, नवी मुंबई एयरपोर्ट, मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक परियोजना, धारावी का पुनर्विकास, बीडीडी चाल का विकास ट्रेक पर आ रहा है। मुंबई की सड़कों को सुधारने का काम में डबल इंजन सरकार ने प्रतिबद्धता दिखाई है। हम देश के कई शहरों के कम्पलीट ट्रांसफारमेशन पर काम कर रहे हैं। हम इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पर बल दे रहे हैं। बायो फ्यूल और हाइड्रोजन फ्यूल का काम मिशन मोड पर चल रहा है।
हमारी सरकार कभी विकास को ब्रेक नहीं लगाती
पीएम मोदी ने कहा कि मुंबई के लोग परेशानी झेलते रहे, यह शहर विकास को तरसता रहे, यह स्थिति 21वीं सदी में स्वीकार्य नहीं हो सकती। विकास हमारी प्राथमिकता है। भाजपा-एनडीए सरकार कभी विकास को ब्रेक नहीं लगाती। पीएम स्वनिधि योजना इसका उदाहरण है। हमारे शहरों में काम करने वाले रेहड़ी (फेरीवाले) जो शहरों की अर्थव्यवस्था का हिस्सा है, के लिए बिना किसी गारंटी के कर्ज की योजना बनाई। महाराष्ट्र में इस योजना के तहत 5 लाख कर्ज स्वीकृत हो चुके हैं और 1 लाख लोगों के बैंक खातों में पैसा जमा हो चुका है। ये काम पहले होना था, लेकिन डबल इंजन सरकार नहीं होने से हर काम में अडंगा डाला गया, इसका नुकसान सभी लाथार्थियों को उठाना पड़ा। इसके लिए जरूरी है कि दिल्ली से लेकर मुंबई तक बेहतर तालमेल वाली व्यवस्था बने। प्रधानमंत्री ने कहा कि रेलवे का आधुनिक बनाने के लिए मिशन मोड पर काम चल रहा है। मुंबई लोकल को रेल कनेक्टिविटी का फायदा होगा। डबल इंजन सरकार सामान्य लोगों को वहीं सुविधा, साफ-सफाई और उसी तेज रफ्तार का अनुभव देना चाहती है, जो कभी साधन संपन्न लोगों को मिलती थी। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस का कायाकल्प होने जा रहा है। हमारी यह धरोहर 21वीं सदी की शान के रूप में विकसित होने जा रही है। यहां लंबी दूरी और लोकल ट्रेनों के लिए अलग-अलग सुविधाएं मिलेगी। हम देश के हर शहर में मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी विकसित करने वाले हैं।
आप 10 कदम चलो, मैं 11 कदम चलूंगा  
प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वनिधि कर्ज देने वाली योजना नहीं है। यह फेरीवालों का सामर्थ्य बढ़ाने वाला अभियान है। रेहडी वालों ने 50 हजार करोड़ का डिजिटल ट्रांजेक्शन किया है। यह डिजिटल इंडिया की सफलता का बड़ा उदाहरण है। पीएम ने कहा कि सबका प्रयास लगता है तो कुछ असंभव नहीं है। हम मिलकर मुंबई को विकास की ऊंचाई तक ले जाएंगे। रेहड़ी वाले मेरे साथ चलिए, आप 10 कदम चलेंगे तो मैं 11 कदम चलूंगा। मैं आपके साथ खड़ा हूं, यह वादा करने आया हूं। शिंदे-फडणवीस की जोड़ी आपके सपनों को साकार करेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार भारत बड़े सपने देखने और सपनों को पूरा करने का साहस कर रहा है। पिछला लंबा कालखंड गरीबी की चर्चा करने और दुनिया में मदद मांगकर जैसे-तैसे गुजार करने में बीता। अब विश्व को भारत के बड़े-बड़े संकल्पों पर भरोसा है। आजादी के अमृत काल में भारत निर्माण को लेकर देश में जितनी उत्सुकता है, उतनी ही उत्सुकता विश्व को भी है। भारत को लेकर इतनी पॉजिटिविटी इसलिए है, क्योंकि सभी को लगता है कि भारत अपने सामर्थ्य का उत्तम तरीके से सदुपयोग कर रहा है। भारत वह कर रहा है जो तेजी से विकास के लिए आवश्यक है। भारत अभूतपूर्व आत्मविश्वास से भरा है। छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रेरणा से स्वराज्य से सुराज की भावना डबल इंजन सरकार में प्रकट होती है। पीएम ने कहा कि हमने वह समय देखा है, जब गरीब कल्याण के पैसे घोटाले की भेंट चढ़ जाते थे, इसका नुकसान करोड़ों देशवासियों को उठाना पड़ा। बीते 8 साल में हमने इस एप्रोच को बदला है। भारत अपने फिजिकल और सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च कर रहा है।
भारत को विकसित बनाने का संकल्प
पीएम मोदी ने कहा कि जब दुनिया की बड़ी-बड़ी अर्थव्यवस्था बेहाल है, लेकिन भारत में ऐसे मुश्किल समय में 80 करोड़ देशवासियों को मुफ्त राशन देकर उनके घरों का चूल्हा कभी बुझने नहीं दिया जाता। भारत इंफ्रास्ट्रक्चर पर अभूतपूर्व खर्च कर रहा है। यह भारत को विकसित बनाने का संकल्प है। विकसित भारत के निर्माण में हमारे शहरों की भूमिका सबसे अहम है। आने वाले 25 साल राज्य के कई शहर भारत की ग्रोथ को गति देने वाले हैं। मुंबई को भविष्य के लिए तैयार करने के लिए डबल इंजिन सरकार ने प्रतिबद्धता दिखाई है। पहले मुंबई में 10 से 15 किलोमीटर में मेट्रो चलती थी, लेकिन यहां डबल इंजिन सरकार बनी और जो काम धीमा हुआ था, वह एकनाथ शिंदे-देवेंद्र फडणवीस की जोड़ी वाली सरकार ने तेज कर दिया। अब 300 किलोमीटर के मेट्रो नेटवर्क का काम तेजी गति से आगे बढ़ रहा है।

पीएम ने मुंबई को दी ये गिफ्ट
० मेट्रो-2 ए और मेट्रो 7 का लोकार्पण
० नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड की शुरुआत
० सात सीवेज शोधन संयंत्रों का भूमिपूजन
० 20 नए बाला साहेब ठाकरे आपला दवाखाना का उद्घाटन
० भांडुप मल्टीस्पेशलिटी, गोरेगांव के सिद्धार्थ नगर अस्पताल और ओशिवारा मैटरनिटी होम के पुनर्विकास के लिए आधारशिला
० मुंबई में 400 किलोमीटर सड़कों के कांक्रीटीकरण योजना का शुभारंभ
०  सीएसएमटी पुनर्विकास की आधारशिला
० प्रधानमंत्री पीएम स्वनिधि योजना में एक लाख से अधिक लाभार्थियों के स्वीकृत कर्ज का हस्तांतरण

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups