नयी दिल्ली: देश की प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने स्कूल फॉर एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियरिंग (एसएएमई) को अपने कैडेट एएमई कार्यक्रम के लिए आधिकारिक प्रशिक्षण भागीदार चुना है। इंटरग्लोबल समूह की कंपनी इंडिगो ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम उच्च संभावना वाले छात्रों की पहचान, प्रशिक्षण और उन्हें पेशे के लिए उपयुक्त एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियर बनाने के लिए तैयार किया गया है, ताकि देश के तेजी से बढ़ते विमानन क्षेत्र की मांगों को पूरा किया जा सके।
एसएएमई भी इंटरग्लोबल द्वारा समर्थित है। भारत दुनिया के अग्रणी विमानन बाजारों में से एक है। देश में यात्री विमानों और हवाई यातायात में तेजी से वृद्धि हो रही है। ऐसे में विमान के रखरखाव और मरम्मत के लिए कुशल कार्यबल की आवश्यकता भी बढ़ रही है। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कैडेट एएमई कार्यक्रम इस कमी का सीधा समाधान पेश करता है। कैडेट्स को ऐसे वातावरण में प्रशिक्षित किया जायेगा जो वास्तविक परिचालन परिस्थितियों के अनुरूप हो, जिससे वे सक्रिय रखरखाव भूमिकाओं में सहज रूप से प्रवेश कर सकें।
इंटरग्लोब एंटरप्राइजेज के ग्रुप सीईओ आदित्य पांडे ने कहा कि तेजी से बढ़ रहे भारतीय विमानन क्षेत्र के लिए सक्षम एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियरों की एक मजबूत और कुशल कार्यबल की आवश्यकता है। इंडिगो के साथ कैडेट एएमई कार्यक्रम के लिए सहयोग इस महत्वपूर्ण प्रतिभा भंडार के निर्माण की दिशा में एक रणनीतिक कदम है। इंडिगो के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (इंजीनियरिंग) परिचय दत्ता ने कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार है और वैश्विक विमानन विकास का एक प्रमुख चालक बनकर उभर रहा है। इंडिगो ने अगले दशक में 900 से अधिक विमानों के लिए ऑर्डर दिये हैं। एसएएमई के साथ मिलकर कैडेट एएमई कार्यक्रम शुरू करना समय के अनुकूल और रणनीतिक कदम है।
इस कार्यक्रम के तहत एसएएमई अपने 2026-27 शैक्षणिक सत्र से कैटेगरी बी1.1 (एरोप्लेन टर्बाइन) में 30 कैडेट्स का चयन करेगा। चयन प्रक्रिया में प्रवेश परीक्षा और शैक्षणिक मूल्यांकन सहित कठिन स्क्रीनिंग शामिल होगी। शॉर्टलिस्ट किये गये उम्मीदवारों को इंडिगो द्वारा अंतिम व्यक्तिगत मूल्यांकन से गुजरना होगा। कैडेट्स एसएएमई की विश्वस्तरीय सुविधाओं में सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। वास्तविक परिस्थितियों में प्रशिक्षण इंडिगो के मेंटेनेंस बेस पर आयोजित किया जायेगा।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Apr 03 , 2026, 08:12 AM