नयी दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संसद में दिए गए बयान पर कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने सोमवार को सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार पर पलटवार किया। टैगोर ने कहा कि संसद में गृह मंत्री द्वारा नेता विपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ "बेबुनियाद और राजनीतिक रूप से प्रेरित आरोप" लगाए गए। इन आरोपों का विरोध करने के लिए कांग्रेस सांसद खड़े हुए, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया।
उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को बोलने के लिए माइक तक नहीं दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया, "क्या यही लोकतंत्र है, जहां एक पक्ष आरोप लगाए और दूसरे पक्ष को जवाब देने का अधिकार भी न मिले?" कांग्रेस सांसद ने इसे केवल एक बयान का मामला न बताते हुए कहा कि यह संसद के भीतर विपक्ष की आवाज को व्यवस्थित तरीके से दबाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार अपने दावों को लेकर इतनी आश्वस्त है, तो उसे जवाब से डर क्यों लगता है।
उन्होंने कहा, "संसद बहस के लिए होती है, न कि एकतरफा प्रचार के लिए। आप माइक बंद कर सकते हैं, लेकिन सच को खामोश नहीं कर सकते।" गौरतलब है कि लोकसभा में वामपंथी उग्रवाद से देश को मुक्त कराने के प्रयास को लेकर हुई चर्चा के जवाब में केंद्रीय गृह मंत्री ने श्री गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें कई बार नक्सलियों और उनके कार्यकर्ताओं के साथ देखा गया है तथा भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कई नक्सली संगठनों ने इसमें भाग लिया था जिसका रिकॉर्ड भी मौजूद है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Mar 31 , 2026, 07:35 AM