वाशिंगटन: वैश्विक ऋणदाता अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF)ने एक बयान में कहा कि श्रीलंका के सुधार कार्यक्रम की पांचवीं और छठी समीक्षा पर चर्चा करने के लिए आईएमएफ की एक टीम अगले सोमवार से कोलंबो का दौरा (IMF Visit to Colombo) करेगी। श्रीलंका के लिए आईएमएफ मिशन (IMF Mission) के प्रमुख इवान पापाजॉर्जियो ने गुरुवार को एक बयान में कहा, "आईएमएफ के कर्मचारियों का एक दल 23 मार्च से नौ अप्रैल, 2026 तक श्रीलंका का दौरा करेगा ताकि आईएमएफ की विस्तारित निधि सुविधा द्वारा समर्थित श्रीलंका के सुधार कार्यक्रम की संयुक्त पांचवीं और छठी समीक्षा के संबंध में अधिकारियों के साथ चर्चा की जा सके।
इकोनॉमीनेक्स्ट की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी में श्री पापाजॉर्जियो के नेतृत्व में आईएमएफ की एक टीम ने छह दिवसीय मिशन के लिए श्रीलंका का दौरा किया और चक्रवात दितवाह के प्रभाव पर चर्चा की। चर्चाओं में प्राकृतिक आपदा के प्रति राजकोषीय प्रतिक्रिया एवं मौद्रिक नीति तथा वित्तीय क्षेत्र की स्थिरता पर इसके प्रभावों पर ध्यान केंद्रित किया गया।
आईएमएफ को अभी भी तीन अरब अमेरिकी डॉलर की विस्तारित निधि सुविधा की पांचवीं समीक्षा पूरी करनी है। मूल रूप से यह पांचवीं समीक्षा पिछले साल दिसंबर में पूरी होने की संभावना थी।
हालांकि, चक्रवात दितवाह आपदा के कारण पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की लागत में वृद्धि हुई है जिसके कार्ण आईएमएफ द्वारा अतिरिक्त मूल्यांकन किया जाना आवश्यक हो गया है। परिणामस्वरूप, श्रीलंका को अभी तक कार्यक्रम की छठी किस्त प्राप्त नहीं हुई है। अगर पांचवीं और छठी समीक्षा संयुक्त रूप से पूरी हो जाती है तो द्वीप राष्ट्र को लगभग 70 करोड़ अमेरिकी डॉलर प्राप्त होंगे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Mar 20 , 2026, 12:50 PM