मुंबई: ज़ी स्टूडियोज़ और अमदावाद फिल्म्स द्वारा निर्मित 'द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो- एलियंस का आगमन' गर्मियों में रिलीज़ होने के लिए तैयार है जैकी श्रॉफ स्टारर इस फिल्म का फर्स्ट लुक हाल ही में जारी किया गया है, जो दर्शकों को तुरंत बचपन की जादुई दुनिया और कल्पनाओं में ले जाता है। स्कूल लाइफ की जीवंत पृष्ठभूमि पर आधारित यह फर्स्ट लुक बड़े ही खूबसूरत तरीके से बचपन की मासूमियत को दिखाता है। यह एक ऐसी दुनिया है, जहाँ कल्पनाएँ बेफिक्र उड़ान भरती हैं और हर साधारण दिन एक असाधारण मिशन में बदल सकता है।
फिल्म उन यादों को भी छूती है, जो हम सभी ने अपने बचपन में जी हैं, दादा-दादी की वो अनोखी और कभी-कभी अजीबों-गरीब कहानियाँ, जिन पर हम हँसते थे, कभी यकीन नहीं करते थे, लेकिन दिल ही दिल में चाहते थे कि वो सच हों। 'द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो- एलियंस का आगमन' उसी जादू और आश्चर्य को पर्दे पर जीवंत करता है और हमें उस समय की याद दिलाता है, जब हकीकत और कल्पना के बीच की रेखा बहुत खूबसूरती से धुंधली हुआ करती थी। फिल्म इस गर्मी में रिलीज़ होने वाली है।
फिल्म के बारे में बात करते हुए जैकी श्रॉफ ने कहा, "बचपन में हम सभी ने अपने दादा-दादी से ऐसी कहानियाँ सुनी हैं, जो अविश्वसनीय लगती थीं, लेकिन हमारे दिलों में एक अलग ही उत्साह और जिज्ञासा भर देती थीं। यह फिल्म उसी मासूमियत और कल्पनाशीलता को खूबसूरती से पेश करती है। ऐसी कहानी का हिस्सा बनना, जो बचपन की जिज्ञासा और परिवार के साथ के जश्न को दर्शाती है, मेरे लिए बहुत खास रहा। मुझे उम्मीद है कि दर्शक भी इस फिल्म को देखकर वही खुशी महसूस करेंगे।"
ज़ी स्टूडियोज़ द्वारा प्रस्तुत, मनीष सैनी द्वारा लिखित और निर्देशित, द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो को ज़ी स्टूडियोज़ और अमदावाद फिल्म्स ने निर्मित किया है। फिल्म में जैकी श्रॉफ, प्रतीक स्मिता पाटिल, मिहिर गोडबोले, शिवांश चोर्गे, दुर्गेश कुमार, सहर्ष शुक्ला, कुमार सौरभ, भाग्यश्री दसानी और शरद सक्सेना नजर आएँगे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Mar 20 , 2026, 09:21 AM