नयी दिल्ली। सरकार ने सोमवार को लोगों से अपील की कि जहां संभव हो वे रसोई गैस के लिए एलपीजी की जगह पाइप के माध्यम से पीएनजी (Piped Natural Gas) कनेक्शन लें जिसके लिए कंपनियां विशेष प्रोत्साहन दे रही हैं। कुछ कंपनियों ने 500 रुपये की मुफ्त गैस और कुछ ने जमानत राशि माफ करने की घोषणा की है। सरकार ने यह भी अपील की है कि जिन लोगों के पास एलपीजी और पीएनजी (LPG and PNG) दोनों कनेक्शन हैं वह एलपीजी कनेक्शन वापस कर दें।
सरकार ने कहा है कि पश्चिम एशिया (West Asia) संकट के बावजूद रसोई गैस उपभोक्ताओं को सिलेंडर की सुचारू आपूर्ति की जा रही है, कई राज्याें में वाणिज्यिक सिलेंडर की आपूर्ति शुरू हो गयी है और देश में घरेलू एलपीजी का उत्पादन भी बढकर 36 प्रतिशत बढ गया है। इसके अलावा 92700 टन एलपीजी से लदे दो भारतीय टैंकरों में से एक शिवालिक आज शाम गुजरात में मुंद्रा बंदरगाह पर पहुंच रहा है और दूसरे के कल तक पहुंचने की संभावना है। ये दोनों टैंकर कुछ दिन पहले ही होर्मुर्ज जलडमरूमध्य से सुरक्षित निकले थे। पश्चिम एशियाई देशों में फंसे भारतीयों में से दो लाख 20 हजार भारतीय अब तक स्वदेश लौट चुके हैं।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने यहाँ मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि एलपीजी का उपयोग करने वाले वाणिज्यिक प्रतिष्ठान अपनी संबंधित सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों से ईमेल, उपभोक्ता पोर्टल, पत्र या कॉल सेंटर के माध्यम से संपर्क करके पीएनजी में स्विच कर सकते हैं। कंपनियों का विवरण पीएनजी सेवा वेबसाइटों पर उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ ईंधन की ओर लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए कई कंपनियों ने प्रोत्साहन योजनाएँ घोषित की हैं। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड और गेल गैस लिमिटेड ने घरेलू उपभोक्ताओं को 31 मार्च से पहले पीएनजी कनेक्शन लेने और गैस की खरीद शुरू करने पर 500 रुपये मूल्य की मुफ्त गैस दे रही है। महानगर गैस लिमिटेड ने नये घरेलू उपभोक्ताओं को पंजीकरण शुल्क में 500 रुपये की छूट की पेशकश की है।
वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के लिए उसने और बीपीसीएल ने जमा राशि माफ करने की बात कही है। इस श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए सिक्योरिटी डिपॉजिट एक लाख रुपये से पांच लाख तक होती है।अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड ने भी कंपनियों को अतिरिक्त संसाधन तैनात करने और पीएनजी कनेक्शनों के विस्तार की प्रक्रिया तेज करने की सलाह दी है। श्रीमती शर्मा ने बताया कि स्थिति अभी भी चिंताजनक है लेकिन उपभोक्ताओं को सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है और किसी भी वितरक के पास गैस खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से ऑनलाइन बुकिंग करने की अपील करते हुए कहा कि लगभग 90 प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन हो रही है।
उन्होंने कहा कि 'डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड' की संख्या में भी सुधार हुआ है, जो पहले 53 प्रतिशत थी, लेकिन कल यह 72 प्रतिशत हो गई। उन्होंने कहा ," मैं कमर्शियल एलपीजी के बारे में भी कहना चाहूंगी कि कई राज्यों में वाणिज्यिक सिलेंडर का वितरण शुरू हो गया है।
संयुक्त सचिव ने कहा कि जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए छापेमारी भी की जा रही है। हमें कई राज्यों से सूचना मिली है कि छापेमारी की जा रही है। लगभग 1100 स्थानों, रिटेल आउटलेट्स और वितरकों के यहां अचानक निरीक्षण किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास पीएनजी और एलपीजी दोनों कनेक्शन हैं, उनसे अनुरोध किया गया है कि वे अपना एलपीजी कनेक्शन वापस कर दें।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Mar 16 , 2026, 07:24 PM