National and Regional News: उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक महिला का शव पेड़ से लटका मिला, जबकि एक पुरुष और एक किशोरी के शव उसी पेड़ के नीचे पड़े पाए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि ग्राम माचीपुर के जंगल में एक महिला का शव पेड़ पर लटका है तथा एक पुरुष और एक किशोरी के शव पेड़ के नीचे पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम 112 तथा स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने बताया कि मृत किशोरी की आयु लगभग सात से आठ वर्ष प्रतीत हो रही है, जबकि महिला और पुरुष की आयु लगभग 28 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। प्रथम दृष्टया महिला और पुरुष के दंपति होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
हरदोई में लुटेरों का साथी सर्राफ गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पुलिस ने शाहाबाद थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना से जुड़े 50 हजार रुपये के इनामी सर्राफ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया 10 फरवरी को क्षेत्र के ग्राम मलकापुर में अनीस खान के घर में 4-5 बदमाश घुस गए थे और उन्हें बंधक बनाकर घर में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद तथा आभूषण लूटकर फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना शाहाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्वाट, एसओजी और सर्विलांस टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में पुलिस ने चेकिंग के दौरान इस मामले से संबंधित आरोपी मुकीम निवासी पशुपतिनाथ मंदिर क्षेत्र, बरेली को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पांच हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
शाहजहांपुर में लेखपाल ने ट्रेन के आगे लेट कर की आत्महत्या
उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के सदर बाजार क्षेत्र में एक लेखपाल ने ट्रेन के आगे लेट कर आत्महत्या कर ली। इस घटना का वीडियो पास लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने शुक्रवार को बताया कि थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बिजलीपुरा के रहने वाले अमर दीप सक्सेना तिलहर तहसील में लेखपाल के पद पर कार्य कर रहे थे। गुरुवार देर शाम ड्यूटी से घर आने के बाद वह पैदल सदर बाजार थाना क्षेत्र के इंद्रानगर रेलवे क्रासिंग पर पहुंचे और ट्रेन के सामने लेट गए। ट्रेन उनके ऊपर से गुजर गई। उन्होंने बताया कि इस घटना का वीडियो पास लगे सीसीटीवी में कैद हुआ है जिसमें दिख रहा है कि लेखपाल अमर दीप सक्सेना रेलवे क्रासिंग पर ट्रेन आने का इंतजार कर रहे है और जैसे ही ट्रेन पास में आई लेखपाल पटरी पर लेट गया और पूरी ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई। लेखपाल के शरीर के दो टुकड़े हो आए। सूचना पर सदर बाजार और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कर घर वालों को सूचित किया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
कोरबा में दो बाइक की टक्कर, 18 वर्षीय युवक की मौत, तीन घायल
छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी मुख्य मार्ग पर गुरुवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, एक बाइक पर तीन लोग चांपा से कोरबा की ओर आ रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक कोरबा से चांपा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक गलत दिशा में होने के कारण दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गयी। इस हादसे में चार युवक घायल हो गये।
हादसे के बाद सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान निखलेश कंवर (18 वर्ष), निवासी कमरीद सरगांव, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मेमो के आधार पर मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आगे की जांच जारी है।
सारण : संदिग्ध स्थिति में तीन लोगों की मौत
बिहार के सारण जिले में पिछले 24 घंटा के दौरान संदिग्ध स्थिति में तीन लोगों की मौत हो गई है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार कोयहां बताया कि मशरक थाना क्षेत्र के तख्त गांव निवासी संतोष महतो की मौत सदर अस्पताल में इलाज के दौरान संदिग्ध हालात में हो गई। जिसके बाद उसके घर वाले शव का पोस्टमार्टम नहीं करा कर शव को लेकर फरार हो गए। सूत्रों ने बताया कि जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के धेनुकी और सुगौली गांव निवासी सुकन नट तथा धर्मेंद्र राय को संदेहास्पद स्थिति में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। इसके बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद धर्मेंद्र राय के बिसरा को सुरक्षित कर उसकी जांच के लिए चिकित्सकों ने भेज दिया है। सूत्रों ने बताया कि दोनों थाना की पुलिस इस मामले में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
मुरादाबाद में हत्या के तीन दोषियों को उम्रकैद
उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले की एक अदालत ने 12 वर्ष पुराने हत्या के मामले में तीन अभियुक्तों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और 20-20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनायी है। अभियोजन अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि कटघर थाना क्षेत्र के दुर्गेशनगर डबल फाटक इलाके में 16 मार्च 2014 को प्रॉपर्टी डीलर पंकज चौहान की हत्या कर दी गई थी। पुलिस की जांच में पता चला कि पंकज की हत्या में उसके तीन दोस्त अमित ,चीकू तथा रोहित शामिल थे। मृतक की पत्नी प्रियंका चौहान ने तहरीर में बताया कि होली के दिन 14 मार्च 2014 की शाम तीनों आरोपी पंकज को घर से बुलाकर ले गए थे। रात करीब 11 बजे जब वे वापस आए तो पंकज के सिर में गंभीर चोटें थीं। उन्होंने इसे सड़क हादसा बताया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने पंकज को मृत घोषित कर दिया।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Mar 13 , 2026, 01:00 PM