रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव (Kiran Dev) ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक जीवंत और सतत सक्रिय संगठन है जो वर्षभर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जनसंपर्क और संगठन विस्तार का कार्य करती है। पार्टी के सभी सात मोर्चों के गठन के बाद सोमवार को राजधानी स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश स्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित की गई। यह बैठक संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण रही।
बैठक में जिला, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि पार्टी के कार्यक्रमों और सरकार की योजनाओं को केवल संगठन तक सीमित न रखकर आम जनता तक पहुंचाया जाए। इसके लिए ‘चौपाल’ के माध्यम से व्यापक जनसंवाद अभियान चलाया जाएगा।
किरण देव ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प, बजट और विकास जैसे विषयों पर विशेष चर्चा अभियान चलाया जाएगा ताकि केंद्र एवं राज्य सरकार के बजट में शामिल जनहितैषी प्रावधानों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Chief Minister Vishnudev Sai) तथा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। किरण देव ने आशा व्यक्त किया कि पार्टी के सभी सात मोर्चे सरकार और संगठन के बीच सेतु की भूमिका निभाते हुए बेहतर समन्वय स्थापित करेंगे तथा जनता की समस्याओं के समाधान में सक्रिय योगदान देंगे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Feb 16 , 2026, 08:48 PM