बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों (Security forces) द्वारा माओवादियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों के तहत भारी मात्रा में विस्फोटक एवं अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में माओवादियों द्वारा लगाए गए कई इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद कर उन्हें नष्ट किया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना उसूर क्षेत्र के ताड़पाला बेस एरिया में केरिपु 229 वाहिनी की टीम द्वारा सघन सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान ताड़पाला बेस के दक्षिण दिशा में नाले के पास माओवादियों द्वारा प्लांट किए गए दो आईईडी बरामद किए गए। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से एक आईईडी बियर बॉटल में और दूसरा बीजीएल (barrel grenade launcher) में फिट किया गया था। सर्च अभियान को और आगे बढ़ाते हुए सुरक्षा बलों ने उसी क्षेत्र में माओवादियों द्वारा जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक विस्फोटक डंप भी बरामद किया। इस डंप से भारी मात्रा में युद्ध सामग्री एवं दैनिक उपयोग की वस्तुएं मिलीं। बरामद सामग्री में 40 नग बीजीएल, 35 नग बीजीएल राउंड, 90 नग बैटरी, डायरेक्शन आईईडी निर्माण के लिए इस्तेमाल होने वाली सात नग लोहे की पाइप, कच्चा ग्रेनेड बनाने की सामग्री, लोहे की प्लेट, लेथ मशीन के पार्ट्स, आयरन कटर ब्लेड, प्लास्टिक ड्रम, स्टील ट्रंक, वाटर पंप, साबुन, डिटर्जेंट पाउडर, मैगजीन पाउच और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल है।
इसी प्रकार की एक अन्य कार्रवाई में केंद्रीय रिजर्व पुलिस की 22 वीं वाहिनी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस की 214 वाहिनी की संयुक्त टीम ने थाना भोपालपटनम् क्षेत्र के कोंडापड़गु इलाके में अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों द्वारा जमीन में गाड़कर रखे गए चार नग बियर बॉटल आईईडी का पता लगाकर उन्हें बरामद किया। अधिकारियों ने बताया कि बरामद सभी आईईडी को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
सुरक्षा बलों द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान माओवादियों के अवैध स्मारकों को भी ध्वस्त किया गया। थाना उसूर क्षेत्र के कमलापुर के जंगलों में केरिपु 229/ई की टीम ने माओवादियों द्वारा बनाए गए अवैध स्मारक को नष्ट कर दिया। वहीं, केंद्रीय रिजर्व पुलिस की टीम ने थाना गंगालूर क्षेत्र (Gangaloor Police Station Area) के कोरचोली में स्थित एक अन्य अवैध माओवादी स्मारक को ध्वस्त कर दिया। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि माओवादी संगठन के विरुद्ध यह कार्यवाहियां लगातार जारी हैं और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह से सक्रिय हैं। इन अभियानों से माओवादियों के मनोबल पर गहरी चोट पहुंची है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Feb 16 , 2026, 08:15 PM