बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले (Chhattisgarh's Balod district) में महाशिवरात्रि की पहली रात (first night of Mahashivratri) शमशान घाट पर कथित तांत्रिक क्रिया के बाद तीन वर्ष की मासूम बच्ची की कब्र से सिर का कंकाल निकाल लिए जाने का सनसनीखेज मामला (alleged tantric) सामने आया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है। पुलिस ने आज खुलासा करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पूरा मामला गुंडरदेही थाना क्षेत्र की हल्दी चौकी अंतर्गत ग्राम माहुद-बी का है। रविवार सुबह लगभग 11 बजे एक ग्रामीण किसान शमशान घाट के पास से अपने खेत की ओर जा रहा था, तभी उसकी नजर एक कब्र पर पड़ी, जहां दिया, चावल और झिल्ली में रखा मांस का टुकड़ा सहित कथित तांत्रिक सामग्री बिखरी हुई थी।
आशंका होने पर उसने तत्काल परिजनों को सूचना दी। माहुद (बी) निवासी जितेंद्र साहू मौके पर पहुंचे और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि यह कब्र उनकी तीन वर्षीय बेटी प्रिया साहू (लाडो) की है, जिसकी नौ अक्टूबर 2025 को बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी। परिवार अभी शोक से उबर भी नहीं पाया था कि यह घटना सामने आ गई। परिजनों के अनुसार कब्र से सिर का कंकाल गायब है। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात व्यक्तियों ने महाशिवरात्रि की रात कब्र की खुदाई कर सिर निकाल लिया और बाद में दोबारा मिट्टी डालकर उसे ढंक दिया।
ग्रामीणों और परिजनों की शिकायत पर गुंडरदेही के एसडीएम ने वैधानिक प्रक्रिया के तहत कब्र की खुदाई की अनुमति दी। दोपहर लगभग तीन बजे प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के बीच कब्र की खुदाई कराई गई। करीब चार फीट नीचे बच्ची का शव मिला, परिजनों का दावा है कि शव से सिर अनुपस्थित था। इसके बाद पुलिस ने शव को परीक्षण हेतु राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। हल्दी चौकी प्रभारी नंद कुमार साहू ने बताया कि प्रथम दृष्टया महाशिवरात्रि की रात तांत्रिक क्रिया की आशंका जताई जा रही है। अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 301 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।
एएसपी मोनिका ठाकुर ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा। लगभग नौ माह पूर्व पड़ोसी गांव सिर्राभाठा में भी तंत्र विद्या से जुड़े एक मामले में बैगा पुनीत राम गोंड़ की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में पांच आरोपी वर्तमान में जेल में हैं। घटना पूरी तरह शांत भी नहीं हुई थी कि अब समीपस्थ गांव में इस तरह की वारदात से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Feb 16 , 2026, 12:14 PM