नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 107 स्थित महर्षि विश्विद्यालय क्रिकेट ग्राउंड में दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (दिल्ली-एनसीआर) के कॉलेज और यूनिवर्सिटी छात्रों के बीच चार दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का बुधवार से विश्विद्यालय के प्रशिक्षित क्रिकेट खिलाड़ियों द्वारा शुभारंभ किया गया। आयोजकों का कहना है कि दिल्ली एनसीआर में होने वाला सबसे बड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट महर्षि प्रीमियर लीग (एमपीएल) एक बार फिर पूरे जोश और उत्साह के साथ शुरू हो गया है। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी द्वारा आयोजित टी-20 फॉर्मेट के इस टूर्नामेंट के पांचवें सीजन का शुभारंभ भव्य शुभारंभ समारोह के साथ किया गया।
उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे,और टूर्नामेंट आयोजन के दौरान संबोधन में आयोजकों द्वारा कहा गया कि खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों की तालियों ने मैदान को पूरी तरह क्रिकेटमय बना दिया। विश्वविद्यालय के डीन अकादमिक डॉक्टर तृप्ति अग्रवाल, डिप्टी रजिस्ट्रार, जनसंपर्क अधिकारी और स्पोर्ट्स मैनेजर सहित सभी डीन और डिप्टी डीन उद्घाटन कार्यक्रम में मौजूद रहे। जहां से अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। एमपीएल–सीजन पांच की साढ़े पांच फुट ऊंची ट्रॉफी का अनावरण भी किया गया। मंच पर ट्रॉफी के आते ही खिलाड़ियों और दर्शकों में इसे जीतने का उत्साह साफ दिखाई दिया।
आयोजकों ने कहा इस बार एमपीएल का दायरा और बढ़ाया गया है। दिल्ली–एनसीआर के सोलह प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और कॉलेजों की टीमें टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं। इनमें जाकिर हुसैन कॉलेज, एमिटी सोशल साइंस और एमिटी लॉ स्कूल (नोएडा), आईआईटीएम जनकपुरी, एमयूआईटी नोएडा व लखनऊ, गैलगोटियास यूनिवर्सिटी, एबीईएस इंजीनियरिंग कॉलेज, वेंकटेश्वर कॉलेज (दिल्ली), दिल्ली टेक्निकल कैंपस, वीआईपीएस (दिल्ली), शारदा यूनिवर्सिटी, बीपीआईटी, बेनेट यूनिवर्सिटी, जेएसएस और ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी शामिल हैं। मजबूत टीमों की मौजूदगी से इस सीजन में कड़े मुकाबलों की उम्मीद जताई जा रही है। ओपनिंग डे पर खेले गए चार मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
पहले मैच में एमिटी स्कूल ऑफ साइंस ने एमयूआईटी को 57 रनों से हराया। वहीं दूसरे मुकाबले में शारदा यूनिवर्सिटी ने जाकिर हुसैन कॉलेज को 58 रनों से शिकस्त दी। दोनों मैचों में बल्लेबाजों और गेंदबाजों का संतुलित खेल देखने को मिला। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि एमपीएल केवल एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि युवाओं को जोड़ने और उनमें टीमवर्क, लीडरशिप और आत्मविश्वास विकसित करने का मंच है। यही कारण है कि यह लीग हर साल और अधिक लोकप्रिय होती जा रही है। दिल्ली–एनसीआर के खेल प्रेमियों और छात्रों के लिए आने वाले दिन रोमांच से भरपूर रहने वाले हैं, क्योंकि एमपीएल–सीजन पांच में अभी कई बड़े और निर्णायक मुकाबले खेले जाने बाकी हैं। क्रिकेट का यह महाकुंभ अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Feb 12 , 2026, 08:05 AM