Ajit Pawar Plane Crash: रोहित पवार ने किया चौंकाने वाला खुलासा; कहा- पार्थ और जय पवार को भी है साजिश का संदेह!

Thu, Feb 12 , 2026, 07:40 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

मुंबई: महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत का मामला अब और गहराता जा रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने बुधवार को इस हादसे से जुड़ा एक नया वीडियो जारी किया और दावा किया कि अजित पवार के बेटे, पार्थ और जय पवार के मन में भी इस घटना को लेकर गंभीर संदेह हैं। उन्होंने संकेत दिया कि परिवार और पार्टी के भीतर इस हादसे को लेकर भारी अविश्वास का माहौल है।

रोहित पवार ने पार्थ पवार से मुलाकात की 
रोहित पवार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्होंने हाल ही में पार्थ पवार से मुलाकात की है और उनके मन में कई प्रश्न हैं। उन्होंने तर्क दिया कि यह महज एक सामान्य दुर्घटना होती, तो अजित पवार गुट के नेता जैसे अमोल मिटकरी और रूपाली ठोंबरे, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलने नहीं जाते। रोहित के अनुसार, इन नेताओं ने पार्थ और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की सलाह के बाद ही मुख्यमंत्री से मुलाकात की है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह हादसा कैसे और किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी तह तक जाना जरूरी है।

रोहित पवार ने किया चौंकाने वाला खुलासा
विमान यात्रा के अचानक बने कार्यक्रम पर संदेह जताते हुए रोहित पवार ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि अजित पवार ने पहले 27 जनवरी की शाम कार से पुणे जाने की योजना बनाई थी। लेकिन उसी शाम पूर्वी विदर्भ के एक बड़े नेता उनसे मिलने पहुंचे, जिससे उन्हें देरी हो गई। इसी देरी के कारण अजीत पवार को अपनी कार यात्रा रद्द कर अगले दिन विमान से जाने का फैसला लेना पड़ा। रोहित ने मांग की कि इसकी जांच होनी चाहिए कि क्या यह सब किसी सोची-समझी योजना का हिस्सा था।

अजित पवार की सलाहकार को फटकार 
रोहित पवार ने एक 'राजनीतिक सलाहकार' का जिक्र करते हुए मामले में नया मोड़ दे दिया। उन्होंने बताया कि हादसे से पहले अजित पवार एक ऐसे सलाहकार की सेवाएं समाप्त करने पर चर्चा कर रहे थे, जिसका बजट करोड़ों में था। उन्होंने बताया कि अजित पवार ने पहले भी उस सलाहकार को फटकार लगाई थी और कहा था कि "हमें राजनीति मत सिखाओ।" रोहित ने इस बात की जांच करने पर जोर दिया कि क्या इस सलाहकार या उस फाइल वाले विवाद का इस हादसे से कोई संबंध है।

सांसद सुप्रिया सुले की मांग 
इस बीच, सांसद सुप्रिया सुले ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने का समय मांगा है। रोहित पवार ने स्पष्ट किया कि हालांकि वे किसी पार्टी या सरकार पर सीधा आरोप नहीं लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें इस घटना के पीछे एक बड़ी साजिश की बू आ रही है। उन्होंने कहा कि वे अमित शाह से मिलकर इस दिशा में गहन जांच की मांग करेंगे ताकि सच सामने आ सके।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups