नयी दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (Droupadi Murmu) ने बुधवार को कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुँचने के लिए जितना महत्वपूर्ण आधुनिक विकास है, उतना ही जरूरी राष्ट्रीय आत्मसम्मान और सांस्कृतिक स्वाभिमान भी है। राष्ट्रपति ने आज संसद (Parliament) के बजट सत्र (Budget Session) के पहले दिन दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि गुलामी के कालखंड में मैकाले के षड्यंत्रों ने भारत के लोगों में हीन-भावना भरने का काम किया गया था। अब आज़ादी के बाद पहली बार मौजूदा सरकार ने इसे तोड़ने का साहस किया है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भारत विश्व के समृद्धतम देशों में से एक है और सरकार इस विरासत को देश की ताकत बनाने के लिए काम कर रही है। श्रीमती मुर्मु ने कहा कि आज देश अपनी सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने और सँवारने के लिए हर मोर्चे पर काम कर रहा है। इसी दिशा में सरकार के प्रयासों से सवा सौ वर्षों बाद भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष वापस भारत लाये गये हैं। उन्हें अब सामान्य जनमानस के दर्शन के लिए समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा, "इस वर्ष सौराष्ट्र के सोमनाथ मंदिर के नवनिर्माण के 75 वर्ष भी पूरे होने जा रहे हैं। इस अवसर पर जिस उत्साह से देश भर के लोगों ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में हिस्सा लिया है, वो अतुलनीय है।"
राष्ट्रपति ने कहा कि कुछ ही समय पूर्व, राजेन्द्र चोल द्वारा गंगईकोंडा-चोलापुरम् की स्थापना के भी 1000 वर्ष पूरे हुए। इस अवसर ने भी करोड़ों देशवासियों को अपने अतीत पर गर्व करने का मौका दिया है। उन्होंने कहा, ""हमारा भारत प्राचीन ज्ञान-विज्ञान का केंद्र रहा है। ये ज्ञान विज्ञान प्राचीन पाण्डुलिपियों के रूप में हजारों वर्षों से पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित होता आया। परंतु विदेशी आक्रमणों और आज़ादी के बाद की उपेक्षा के कारण इस संपदा को बड़ा नुकसान हुआ था। अब मेरी सरकार इस ज्ञान भंडार का संरक्षण करने जा रही है।"" श्रीमती मुर्मु ने कहा कि सरकार देश की आदिवासी विरासत को संरक्षित करने के लिए आदिवासी संग्रहालय भी बनवा रही है। इसी क्रम में हाल ही में छत्तीसगढ़ में शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय को लोकार्पित किया गया है। सरकार ने देश के संविधान का संथाली भाषा में अनुवाद करवाकर आदिवासी समाज का गौरव बढ़ाया है। राष्ट्रपति ने कहा, ""जब हम अपनी परम्पराओं और संस्कृति का सम्मान करते हैं, तो विश्व भी उनका सम्मान करता है। पिछले साल यूनेस्को ने हमारे पर्व दीपावली को अपनी मानवता की अमूर्त विरासत की सूची में शामिल किया है। उसको यूनेस्को द्वारा मान्यता दिया जाना सभी भारतीयों के लिए गर्व की बात है।""



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Jan 28 , 2026, 09:51 PM