भोपाल। किसानों के कल्याण, स्वाभिमान और समृद्धि से जुड़ी शासकीय योजनाओं को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन द्वारा एक अभिनव और ऐतिहासिक पहल की गई है। वर्ष 2026 को किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व (Kisan Kalyan Swabhiman Parv) के रूप में मनाते हुए प्रदेश में लोक एवं जनजातीय कलाओं के बहुरंगी उत्सव के साथ एक विशाल राज्य स्तरीय इनामी क्विज प्रतियोगिता आयोजित (tribal arts) की जा रही है। इस प्रतियोगिता का प्रथम चरण 15 मार्च 2026 तक चलेगा। विजेताओं को लगभग 6.50 करोड़ रुपये मूल्य के ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल, (Bullet motorcycles) ई-स्कूटर एवं अन्य आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। यह जानकारी संस्कृति संचालनालय के संचालक एनपी नामदेव तथा मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग अंतर्गत वीर भारत न्यास एवं किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में यह पहल किसानों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने, उनमें जागरूकता बढ़ाने और स्वाभिमान की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत बुंदेलखंड, बघेलखंड, मालवा, निमाड़ और महाकौशल अंचलों में वर्ष भर लोक एवं जनजातीय कलाओं के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में खेती, किसान जीवन, परंपरा और आधुनिक सरकारी योजनाओं का रचनात्मक समन्वय प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस पर्व की प्रमुख विशेषता प्रदेश स्तरीय 6.50 करोड़ रुपये की इनामी ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता है, जो विशेष रूप से मध्यप्रदेश के किसानों के लिए आयोजित की जा रही है। क्विज का प्रथम चरण 15 मार्च 2026 तक चलेगा और इसे www.veerbharatnyas.com पर ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किया जा रहा है। किसानों को पंचायत स्तर के किसान विकास केंद्रों, कृषि मंडियों और संबंधित शासकीय तंत्र के माध्यम से आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि कोई भी किसान तकनीकी या सूचना के अभाव में पीछे न रह जाए। क्विज में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किसानों के लिए संचालित योजनाओं पर आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री सिंचाई योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, भावांतर भुगतान योजना, गोपालन योजना सहित अन्य योजनाएं शामिल रहेंगी।
मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार ने बताया कि पुरस्कारों की दृष्टि से यह प्रतियोगिता देश में अपने प्रकार की पहली और सबसे बड़ी पहल है। प्रथम पुरस्कार के रूप में 55 ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 55 बुलेट मोटरसाइकिल, तृतीय पुरस्कार के रूप में 55 ई-स्कूटर दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक जिले में एक-एक किसान विकास केंद्र एवं 55 कृषि उपज मंडियों को 11-11 हजार रुपये की नगद राशि प्रदान की जाएगी। अन्य आकर्षक पुरस्कार भी किसानों को दिए जाएंगे। विजेताओं का चयन जिलावार लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। यह प्रतियोगिता संस्कृति विभाग अंतर्गत वीर भारत न्यास, संस्कृति संचालनालय एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, संचालनालय कृषि अभियांत्रिकी और कृषि उद्योग विकास परिषद, नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित की जा रही है। श्रीराम तिवारी ने कहा कि यह पहल केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि किसानों के सम्मान, विश्वास और सहभागिता का उत्सव है। मध्यप्रदेश सरकार का यह प्रयास यह संदेश देता है कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि प्रदेश और राष्ट्र की आत्मा हैं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Jan 28 , 2026, 09:40 PM