अमृतसर। पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस (Amritsar Commissionerate Police) ने सीमा पार से संचालित मादक पदार्थों और हथियार तस्करी मॉड्यूल के चार सदस्यों को 1.5 किलोग्राम हेरोइन और 1.98 लाख रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव (Gaurav Yadav) ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार किये गये आरोपियों की पहचान जसकिंदर सिंह उर्फ सिकंदर, हरपाल सिंह, गुरमुख सिंह और सुखदीप सिंह के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी गांव रणियां, अमृतसर के निवासी हैं। हेरोइन और ड्रग मनी की बरामदगी के अलावा, पुलिस टीमों ने आरोपियों के कब्जे से दो आधुनिक पिस्तौलें तथा पाकिस्तान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री (Pakistan Ordnance Factory) में निर्मित 34 कारतूस भी बरामद किये हैं।
यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अपने विदेशी हैंडलरों की मिलीभगत से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान-स्थित तस्करों के संपर्क में थे। उन्होंने बताया कि आरोपी अपने हैंडलरों के निर्देशों पर ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजी जा रही अवैध हथियारों और हेरोइन की खेपों को प्राप्त कर पंजाब के विभिन्न हिस्सों में उनकी आपूर्ति कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के सभी संबंधों का पता लगाने के लिए गहन जांच जारी है।
इस ऑपरेशन की जानकारी देते हुए अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर (Gurpreet Singh Bhullar) ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गुरमुख सिंह और सुखदीप सिंह के खुलासे के आधार पर दो पिस्तौलें बरामद की गईं, जबकि जसकिंदर सिंह और हरपाल सिंह के खुलासे पर 1.5 किलो हेरोइन की खेप बरामद की गयी। श्री भुल्लर ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि सभी आरोपी आपस में करीबी रिश्तेदार हैं और एक ही परिवार से संबंधित हैं। हरपाल सिंह और गुरमुख सिंह सगे भाई हैं, जबकि जसकिंदर सिंह उर्फ सिकंदर और सुखदीप सिंह उनके भतीजे हैं। चारों आरोपियों की उम्र 19 से 33 वर्ष के बीच है और उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं पाया गया है। इस संबंध में पुलिस थाना सिविल लाइंस, अमृतसर में एफआईआर दर्ज की गयी है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Jan 27 , 2026, 06:34 PM