Jammu and Kashmir: जम्मू-कश्मीर को पुनः राज्य का दर्जा मिलने की उम्मीद : चौधरी

Mon, Jan 26 , 2026, 02:59 PM

Source : Uni India

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी (Surinder Choudhary) ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय गृह मंत्री ने न केवल जम्मू-कश्मीर के लोगों से, बल्कि पूरे देश और सर्वोच्च न्यायालय (Supreme Court) को भी यह आश्वासन दिया है कि केंद्र शासित प्रदेश को पुनः राज्य का दर्जा दिया जाएगा तथा उम्मीद है कि वे यह प्रतिबद्धता जल्द पूरा करेंगे। श्रीनगर के सिटी सेंटर स्थित बलिदान स्तंभ (Balidan Stambh) पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों से श्री चौधरी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग उस राज्य के दर्जे की बहाली का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जो कभी उन्हें प्राप्त था। उन्होंने कहा, "हमें विश्वास है कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की अपनी प्रतिबद्धता का सम्मान करेंगे। मुझे उम्मीद है कि वह दिन जल्द आएगा और लोगों के जीवन में खुशियां लाएगा।"

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर उस राज्य के रूप में अपनी पहचान पुनः प्राप्त करेगा, जिसकी स्थापना महाराजा हरि सिंह के समय हुई थी और जो भारत में विलय के बाद शेख अब्दुल्ला के नेतृत्व में आकार में आया। उनके अनुसार, राज्य का दर्जा बहाल होना खोई हुई पहचान को वापस पाने के समान है। उन्होंने देश, सशस्त्र बलों और सुरक्षा एजेंसियों के प्रति जम्मू-कश्मीर के लोगों के दीर्घकालिक समर्थन को भी दोहराया। उन्होंने कहा, "जम्मू-कश्मीर का इतिहास गवाह है कि यहां के लोग हमेशा सेना और सुरक्षा बलों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं-चाहे वह युद्ध का समय हो या उग्रवाद का दौर।" उन्होंने कहा कि जब भी पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर को अस्थिर करने या भारत की एकता को कमजोर करने का प्रयास किया, तब यहां के लोगों ने देश के अन्य नागरिकों के साथ मिलकर राष्ट्रीय ध्वज की रक्षा के लिए बलिदान दिए।

उन्होंने कहा, "बिना किसी जाति या धर्म के भेदभाव के, जम्मू-कश्मीर के लोग हमेशा भारत के प्रति प्रतिबद्ध रहे हैं और आगे भी उसी शक्ति और उत्साह के साथ तिरंगे को ऊंचा रखते रहेंगे।यहां सभी धर्मों के लोगों के बीच सदियों पुरानी सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की परंपरा बनी रहेगी।" उन्होंने कहा, "हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई से हमारा भाईचारा हमेशा कायम रहेगा और सदियों तक रहेगा। दुनिया रहेगी, तब तक इस भाईचारे को कोई तोड़ नहीं सकता, चाहे कोई कितना भी प्रयास करे। गणतंत्र दिवस के अवसर पर यही हमारा संकल्प और शपथ है।"

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups