नयी दिल्ली। भारत और यूरोपीय संघ (European Union) के बीच मुक्त व्यापार संधि (FTA) को लेकर वार्ता समापन के समीप पहुंच गयी है और जल्द ही संधि पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। भारत यात्रा पर आये ईयू कमीशन के व्यापार एवं आर्थिक सुरक्षा आयुक्त मारोस सेफ्कोविक ने रविवार को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल (Minister Piyush Goyal) के साथ मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "भारत आने की खुशी है। मंत्री पीयूष गोयल के साथ यह 10वीं द्विपक्षीय मुलाकात है। मैं विश्वास के साथ कह रहा हूं कि हम एफटीए वार्ता के समापन के करीब हैं।"
उन्होंने लिखा कि यह यह पिछले साल के गहन प्रयासों का असर है, और संभवतः उनकी सबसे कम अंतरालों पर होने वाली वार्ता जिससे इसका महत्व स्पष्ट है।
श्री गोयल ने उनके पोस्ट को रिट्वीट करते हुए लिखा कि उन्हें भारत में श्री सेफ्कोविक का स्वागत करते हुए प्रसन्नता है। उन्होंने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि पिछले एक साल में दोनों के बीच द्विपक्षीय और दोनों की टीमों के बीच हुई सतत एवं सकारात्मक वार्ता ने "हमें सफल परिणाम के करीब" ला दिया है।
केंद्रीय मंत्री ने लिखा कि यूरोपीय संघ भारत के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक एवं रणनीतिक सहयोगी है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के लिए लाभदायक महात्वाकांक्षी भारत-ईयू एफटीए के प्रति साझा प्रतिबद्धता का वे सम्मान करते हैं ताकि दोनों तरफ के उद्योगों और आम लोगों के लिए समृद्धि का मार्ग प्रशस्त हो सके। सेफ्कोविक चार दिन की यात्रा पर भारत आये हैं। उम्मीद की जा रही है कि उनकी इस यात्रा के दौरान भारत और यूरोपीय संघ के बीच एफटीए पर हस्ताक्षर हो सकते हैं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Jan 25 , 2026, 10:30 PM