कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में 18 जनवरी को मेले में हुए विवाद के बाद एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या (Murder) कर दी गई। जुर्म दर्ज होने के पांच दिन बाद आज रविवार को पुलिस ने उसका शव गंगरेल डैम के डूबान इलाके से बरामद किया है और चार नाबालिगों सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नरहरपुर ब्लॉक के देवीनवागांव में 18 जनवरी को मेले के दौरान झूले को लेकर स्थानीय युवकों और पड़ोस के बिरनपुर गांव के युवकों के बीच विवाद हुआ। बाद में बिरनपुर के कुछ युवक मामला सुलझाने के लिए महरगंज शोरी (पीड़ित) के साथ देवीनवागांव पहुंचे, जहां विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
आरोप है कि देवीनवागांव के युवकों ने महरगंज को पकड़कर उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद उसके शरीर में पत्थर बांधकर नाव से गंगरेल डैम के डूबान क्षेत्र में फेंक दिया।युवक के घर न लौटने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत की। जांच में पुलिस को पीड़ित की बाइक लावारिस मिली। शक के आधार पर गांव के युवकों दिनेश जुर्री, युवराज जुर्री, टीवम नेताम, तोषण नेताम और चार नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने युवक को डैम में फेंकने की बात स्वीकारी की थी। पांच दिन की तलाशी के बाद आज दोपहर पुलिस और गोताखोरों/राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम ने युवक का शव डैम से बरामद किया। एडिशनल एसपी दिनेश सिन्हा ने बताया कि शव मिल चुका है और आठ आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। हत्या और शव छिपाने का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है तथा अदालती आदेश पर सभी आरोपियों को जेल और बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Jan 25 , 2026, 06:57 PM