मुंबई। आईटी और बैंकिंग शेयरों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों (Domestic stock markets) में शुक्रवार को तेजी देखी गयी जबकि वृहत बाजार में गिरावट का रुख रहा। बीएसई (BSE )का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स आज करीब 288 अंक की बढ़त में खुला और पूरे दिन हरे निशान में रहा। बीच कारोबार में यह 752 अंक ऊपर पहुंच गया था। अंत में 187.64 अंक की तेजी के साथ 83,570.35 अंक पर बंद हुआ। अच्छे तिमाही परिणामों के दम पर सेंसेक्स में इंफोसिस का शेयर 5.65 फीसदी और टेक महिंद्रा का 5.17 फीसदी चढ़ा जिससे प्रमुख सूचकांक हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 सूचकांक 28.75 अंक चढ़कर 25,694.35 अंक पर बंद हुआ।
मझौली कंपनियों के सूचकांक हरे निशान में और छोटी कंपनियों के लाल निशान में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.54 प्रतिशत चढ़ गया। वहीं, स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.28 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। आईटी कंपनियों में जबरदस्त लिवाली से निफ्टी आईटी सूचकांक 3.34 फीसदी ऊपर रहा। बैंकिंग और रियलटी सेक्टरों में भी तेजी रही। फार्मा, स्वास्थ्य, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, धातु, ऑटो और एफएमसीजी सेक्टर लाल निशान में रहे। एनएसई में जिन 3,270 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,828 के शेयर लाल निशान में और 1,338 के हरे निशान में रहे। अन्य 104 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 12 के शेयरों में तेजी रही। इंफोसिस और टेक महिंद्रा के बाद एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 1.82 प्रतिशत चढ़ा। भारतीय स्टेट बैंक में 1.36 फीसदी से अधिक तेजी रही। अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस और टीसीएस के शेयर भी बढ़त में रहे।
इटरनल में 3.89 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी। एशियन पेंट्स का शेयर 2.08 फीसदी, बीईएल का 1.85 प्रतिशत, सनफार्मा का 1.84, मारुति सुजुकी का 1.78 और आईटीसी का 1.64 प्रतिशत फिसल गया। एनटीपीसी, ट्रेंट, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील, अडानी पोर्ट्स, टाइटन, आईसीआईसीआई बैंक, पावरग्रिड, भारती एयरटेल और एक्सिस बैंक के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए। वैश्विक बाजारों में बिकवाली की दबाव देखा गया। जापान का निक्केई 0.32 फीसदी, हांगकांग का हैंगसेंग 0.29 फीसदी और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.26 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.31 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.04 प्रतिशत की गिरावट में था।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Jan 16 , 2026, 06:45 PM