नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने विविधता को भारतीय लोकतंत्र (Indian democracy) की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा है कि भारत ने यह साबित किया है कि लोकतांत्रिक संस्थाएं (democratic institutions) और लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं लोकतंत्र को स्थिरता, गति और व्यापक स्तर प्रदान करती हैं और इसी का परिणाम है कि देश में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं तथा भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढती अर्थव्यवस्था (world's fastest-growing economy) है। उन्होंने कहा कि भारत इस विविधता का उत्सव मनाता है क्योंकि लोकतंत्र की नींव मजबूत है।
भारतीय लोकतंत्र एक विशाल वृक्ष की तरह है, जिसे गहरी जड़ें सहारा देती हैं। मोदी ने गुरुवार को यहां राष्ट्रमंडल देशों की संसदों के अध्यक्षों तथा पीठासीन अधिकारियों के 28 वें सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए सम्मेलन के मुख्य विषय 'संसदीय लोकतंत्र की प्रभावी परिणति' का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जब भारत आजाद हुआ तो उस दौर में यह आशंका व्यक्त की गई थी कि इतनी विविधता में, भारत में लोकतंत्र टिक नहीं पाएगा लेकिन भारत ने इसी विविधता को लोकतंत्र की ताकत बना दिया।
उन्होंने कहा कि एक बड़ी आशंका यह भी थी कि भारत किसी भी हालत में विकास नहीं कर पाएगा लेकिन भारत ने साबित किया कि लाेकतांत्रिक संस्थान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से ही लोकतंत्र की स्थिरता , गति और पैमाना तीनों आते हैं। भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढती अर्थव्यवस्था बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत विभिन्न क्षेत्रों में दुनिया के शीर्ष देशों में शामिल है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में लोकतंत्र का अर्थ अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा," हम लोक कल्याण की भावना से हर व्यक्ति के लिए बिना किसी भेदभाव के काम कर रहे हैं। और इसी लोक कल्याण की भावना के कारण बीते कुछ वर्षों में भारत में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। भारत में लोकतंत्र सार्थक परिणाम देता है। "
उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र से इसलिए परिणाम मिलता है क्योंकि सरकार के लिए देश की जनता ही सर्वोपरि है। उन्होंने कहा, " हमने जनता की आकांक्षाओं को, जनता-जनार्दन के सपनों को प्राथमिकता बनाया है। उसके रास्ते में कोई बाधा ना आए, इसके लिए प्रक्रिया से लेकर प्रौद्योगिकी तक, हर चीज का लोकतांत्रिकरण किया है और यह लोकतांत्रिक भावना हमारी रगों में, हमारे मन में है, हमारे संस्कार में है। " इस संदर्भ में उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान चुनौतियों के बीच भारत द्वारा डेढ़ सौ से ज्यादा देशों को दवाइयां और वैक्सीन पहुंचाने का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, " लोगों का हित, लोगों की भलाई और उनका कल्याण, ये हमारा संस्कार है, और ये संस्कार हमें हमारे लोकतंत्र ने दिए हैं।
प्रधानमंत्री ने देश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में किये जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में महिलाएं केवल भागीदार ही नहीं बल्कि नेतृत्व की भूमिका में हैं। उन्होंने कहा कि यह सशक्तिकरण आप को शीर्ष पद राष्ट्रपति से लेकर गांवों में निम्न स्तर तक दिखाई देगा। मोदी ने भारतीय लोकतंत्र की विविधता का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां सैकड़ों भाषाएं बोली जाती हैं। विभिन्न भाषाओं में नौ सौ से अधिक टेलीविजन चैनल हैं। हजारों समाचार पत्र और पत्रिकाएं प्रकाशित होती हैं। बहुत कम समाज इतने बड़े स्तर पर विविधता का प्रबंधन कर पाते हैं। भारत इस विविधता का उत्सव मनाता है क्योंकि हमारे लोकतंत्र की नींव मजबूत है। हमारा लोकतंत्र एक विशाल वृक्ष की तरह है, जिसे गहरी जड़ें सहारा देती हैं।
उन्होंने कहा कि यहां वाद-विवाद, संवाद और सामूहिक निर्णय-निर्माण की एक लंबी परंपरा रही है। भारत को लोकतंत्र की जननी कहा जाता है। हमारे पवित्र ग्रंथ वेद पांच हजार वर्ष से भी अधिक पुराने हैं। उनमें ऐसी सभाओं का उल्लेख है, जहां लोग मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एकत्र होते थे। विचार-विमर्श और सहमति के बाद निर्णय लिए जाते थे। उन्होंने कहा, " हम भगवान बुद्ध की भूमि हैं। बौद्ध संघ में खुले और सुव्यवस्थित विचार-विमर्श होते थे। निर्णय सहमति या मतदान के माध्यम से लिए जाते थे।"



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Jan 15 , 2026, 03:36 PM