देश दुनिया की खबरें : दुर्घटनाओं भरी सप्ताह की शुरुआत! मिनी बस पलटने से सात लोगों की मौत, अनंतनाग जिले में कार चालक और तीन यात्री घायल

Mon, Jul 07 , 2025, 12:43 PM

Source : Hamara Mahanagar Desk

श्रीनगर:  जम्मू- कश्मीर के अनंतनाग जिले में आज एक सड़क दुर्घटना में कार चालक और तीन अमरनाथ यात्री (Amarnath pilgrims) घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह चंदनवारी के पास एक टैक्सी के सड़क से फिसलने (taxi slipping) की वजह से हुई, जिसमें तीन यात्री और कार चालक घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि ये सभी मामूली तौर पर घायल हुए हैं और तीनों यात्री गुजरात के निवासी है। गौरतलब है कि 3 जुलाई को पवित्र अमरनाथ यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक करीब 80,000 तीर्थयात्री पवित्र हिमलिंग के दर्शन कर चुके हैं।

पंजाब में मिनी बस पलटने से सात लोगों की मौत, अन्य 32 घायल
 पंजाब में दसूहा थाना क्षेत्र के सगरां गांव के निकट सोमवार को एक निजी परिवहन कंपनी की मिनी बस पलट जाने से सात लोगों की मौत हो गयी और अन्य 32 घायल हो गए। मुकेरियां के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) कुलविंदर सिंह विर्क ने बताया कि मिनी बस में करीब 40 यात्री सवार थे। बस हाजीपुर से दसूया जा रही थी, तभी सगरां गांव के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। स्थानीय निवासियों और पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। डीएसपी ने बताया कि घायल यात्रियों को इलाज के लिए दसूया के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और इसकी गहन जांच की जाएगी।

शहडोल में सड़क दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत, चार घायल
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ की तीन महिलाओं की मौत हो गयी और अन्य चार गंभीर रूप से घायल हो गये। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। यह दुर्घटना शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के जोरा में उस समय हुयी जब अयोध्या दर्शन कर लौट रहे परिवार का वाहन पेड़ से टकरा गया। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी और अन्य चार की हालत गंभीर है।

 गंभीर लोगों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ब्यौहारी के डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर कर दिया है। मृतकों के नाम गायत्री कवर (55), मालती पटेल (50) और इंदिरा बाई है। सभी छत्तीसगढ़ की रहने वाली है और अयोध्या दर्शन कर लौट रहीं थीं। वाहन में कुल 20 लोग सवार थे। ब्यौहारी थाना प्रभारी अरुण पांडेय ने बताया कि ग्राम जोरा गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई है। वाहन में कुल 20 लोग सवार थे। चालक के अलावा सभी महिला एवं बच्चे शामिल हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

जौनपुर में हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आया ताजिया, दो मरे
 उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के खुटहन क्षेत्र में ताजिया दफन कर वापस लौटते समय उसका अवशेष ढांचा 11 हजार वोल्ट के लटके मेन लाइन तार को छू गया। जिसकी चपेट में आकर दो ताजियादारों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य मामूली रूप से झुलस गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले में सधनपुर गांव में पूर्व की भांति इस वर्ष भी दोपहर में ताजिया का धूम धाम से जुलूस निकाल कर, उसे पटैला गांव स्थित कर्बला में ले जाकर दफन कर दिया गया था। वहां से सभी ताजिया दार वापस गांव लौट रहे थे। बस्ती के लगभग दो सौ मीटर पास पानी की टंकी के पास रास्ते के ऊपर से गये मेन लाइन के एक फेस के लटके तार में ताजिया का अवशेष ढांचा छू गया। जिसकी चपेट में आकर ताजिया दार अल्तमस (20), मोहम्मद कैफ (21), मोहम्मद मोबीन (25), मोहम्मद बेलाल (22) और मोहम्मद रमजान (26) झुलस गए। जिन्हें उपचार के लिये सीएचसी लाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से झुलसे अल्तमस और मोहम्मद कैफ को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया, जहां देखते ही चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया, वहीं मामूली रूप से झुलसे तीनों ताजिया दारो को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

भिलाई में सड़क हादसे में नवविवाहित दम्पति की मौत
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की भिलाई में रविवार देर रात एक सड़क हादसे में नवविवाहित दंपति की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र के कोहका इलाके में हुई, जहां पति-पत्नी, मुकेश कुर्रे और कमलेश्वरी, देर रात एक रिश्तेदार के घर से खाना खाकर लौट रहे थे। तभी खुर्सीपार आईटीआई के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे दम्पति की मौके पर ही मौत हो गई।

सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और साथ में ही मृतकों के परिजन भी घटना स्थल पर पहुंच गए। नवविवाहित दंपति के परिजनों ने सड़क पर जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और सभी को मृतक के परिजनों को समझाया।
पुलिस की टीम ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups