Governor Manoj Sinha: जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल ने गोलीबारी पीड़ितों के परिवारों से की मुलाकात!

Thu, May 22 , 2025, 08:27 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

श्रीनगर: जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा (Governor Manoj Sinha) ने बुधवार को पुंछ जिले का दौरा किया और पाकिस्तान की ओर से बिना उकसावे की गोलीबारी में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोकाकुल परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। उपराज्यपाल ने पाकिस्तान की गोलाबारी में मारे गए लोगों के निकटतम परिजनों को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अनुग्रह राशि और अन्य राहत प्रदान की गई है तथा भारत सरकार आगे भी सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।

सिन्हा ने कहा, “प्रभावित परिवारों का उचित पुनर्वास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर प्रशासन सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासियों के लिए उचित पुनर्वास, उन्नत सीमा अवसंरचना और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।” उन्होंने कहा, “हम सुरक्षा संबंधी व्यय (एसआरई) के तहत जम्मू कश्मीर में व्यक्तिगत और सामुदायिक बंकरों के निर्माण के अपने प्रयासों का काफी विस्तार कर रहे हैं।”

उपराज्यपाल ने अपने दौरे के दौरान गुरुद्वारा डेरा संतपुरा नंगली साहिब में मत्था टेका और निवासियों से बातचीत की। उन्होंने पुंछ के निवासियों, नागरिक समाज के सदस्यों और सभी समुदायों की उनके साहस और सामाजिक सद्भाव के लिए सराहना की। उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान ने पवित्र गुरुद्वारा डेरा संतपुरा नंगली साहिब को निशाना बनाकर अपनी कायरता दिखाई है। अपने घृणित कृत्य में आतंकवादी देश ने एक मंदिर और मस्जिद को भी निशाना बनाया था। हमारे पवित्र स्थलों पर गोलीबारी और भारी गोलाबारी करके, आतंकी राज्य पाकिस्तान ने हमारे सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है।'

उपराज्यपाल ने कहा, 'मैं पुंछ के लोगों को सलाम करता हूं। उनके साहस ने हमारे बहादुर सैनिकों को नैतिक शक्ति प्रदान की। हमें अपने नागरिकों, सिख समुदाय पर गर्व है, जो समाज को धार्मिक आधार पर बांटने की विरोधियों की साजिश के खिलाफ एकजुट हैं।' उपराज्यपाल ने गोलाबारी से प्रभावित डुंगस क्षेत्र का दौरा किया और पुंछ में वरिष्ठ प्रशासनिक और जिला अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान स्थिति का जायजा लिया।

उपराज्यपाल ने सभी आवश्यक सेवाओं और आपूर्ति की बहाली सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक उपाय करने और संभागीय आयुक्त कार्यालय और मुख्य सचिव कार्यालय को एक कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने बंकरों के निर्माण, जिला अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं को उन्नत करने और नागरिक सुरक्षा प्रणाली को मजबूत करने के लिए व्यापक आकलन करने का भी निर्देश दिया।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups