सरकारों के जनसेवा के संकल्प को कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्य करें-यादव!

Mon, May 12 , 2025, 06:24 PM

Source : Uni India

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Dr. Mohan Yadav) ने आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) करोड़ों कार्यकर्ताओं और सदस्यों के समर्पण से ही विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सतत् प्रयत्नशील है। डॉ यादव उज्जैन के आस्था गार्डन में उज्जैन नगर के नवनियुक्त मण्डल पदाधिकारियों के परिचय व स्वागत कार्यक्रम में शामिल होकर संबोधित किया। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारीगणों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की सुदृढ़ता और केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की जनसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्य करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं आप सब कार्यकर्ताओं के बीच से ही निकलकर यहां तक पहुंचा हूं। 

जब भी आप लोगों से मिलता हूं, तो मेरे अंदर नई ऊर्जा का संचार होता है और इसीलिए बार-बार आप सभी से मिलने की इच्छा होती है। आप लोगों से मिलने वाली ऊर्जा से सराबोर होकर मैं उस जिम्मेदारी को निभाने का प्रयास करता हूं, जो आप लोगों ने मुझे सौंपी है। उन्होंने आशा जताई कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वाह पूरी निष्ठा से करेंगे और कर्त्तव्य पथ पर अपने-आपको साबित करेंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा की कार्यपद्धति है, उसके अनुसार एक सामान्य कार्यकर्ता भी सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। आपके बीच से भी अनेक लोग जिला और प्रदेश स्तर तक पहुंचेंगे तथा पार्टी का नेतृत्व करेंगे, यही भाजपा की पहचान है।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में पाक प्रेरित आतंकवादियों को खत्म करने में पूरा देश एकजुट रहा। तीनों सेनाओं ने पाक में बैठे आतंक के आकाओं को चुन-चुन कर मारा है। ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के जरिए प्रधानमंत्री ने आतंकियों को कड़ा संदेश दिया है। ऑपरेशन सिंदूर उन आतंकियों को भारतीय सेना का जवाब है, जिन्होंने पहलगाम हमले (Pahalgam attack) में हमारी बहनों के माथे से सिंदूर मिटा दिया था। तीनों सेना ने बता दिया है कि भारत में बेगुनाहों का खून बहाने वाले आतंकी और उनके आका पाकिस्तान में ही क्यों न छुपे हों, वे हमारी पहुंच से दूर नहीं हैं और जब भी निर्दोष नागरिकों का खून बहाएंगे उन्हें ऐसा ही सबक सिखाया जाएगा। गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने देश से नक्सलवाद खत्म करने का जो संकल्प लिया है वह जल्दी ही पूरा होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्‍जैन में बगैर किसी मकान को हाथ लगाए या नुकसान पहुंचाए एलिवेटर ब्रिज बनाया जाएगा। पहला कॉरिडोर मकोड़िया आम चौराह से शुरू होकर देवास गेट, रेलवे स्टेशन होते हुए हरिफाटक ब्रिज से मिलेगा। दूसरा कॉरिडोर निकास चौराहे से शुरू होकर दौलतगंज होते हुए इंदौर गेट पर मिलेगा। यह मार्ग शहर का सबसे अधिक व्यस्त मार्ग है। इस मार्ग से ही बाबा महाकाल की सवारी और जुलूस भी निकलते हैं। भीड़भाड़ के कारण ट्रैफिक जाम होता है और राहगीरों को परेशानी होती है। कॉरिडोर के बन जाने के बाद ऊपर से ही वाहन निकल जाएंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में उसके ऊपर से मेट्रो ट्रेन भी गुजर सके, इस तरह की योजना बनाई जा रही है। दोनों एलिवेटेड कॉरिडोर सिंहस्थ मेले से पहले बनाए जाएंगे। 

उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ को देखते हुए यहां विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। सांसद अनिज फिरोजिया, प्रदेश के सह कोषाध्यक्ष व विधायक अनिल जैन कालूहेडा, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष व प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सनवर पटेल एवं जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान महापौर मुकेश टटवाल, पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती, सभापति श्रीमती कलावती यादव, वीरेंद्र कावड़िया, इकबालसिंह गांधी, प्रभुलाल जाटवा सहित मंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups