हम संविधान की पुस्तकें घुमाने वाले नहीं हैं: बालमुकंद

Tue, Apr 29 , 2025, 07:41 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

अलवर: राजस्थान में जयपुर के हवा महल से विधायक स्वामी बालमुकुंद आचार्य (Swami Balmukund Acharya) ने कहा है कि हम संविधान मानने वाले लाेग हैं, संविधान की पुस्तकें घुमाने वाले नहीं हैं। सोमवार को राजस्थान में अलवर में परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रात में पहुंचे बालमुकुंद ने पत्रकारों से कहा कि उनके खिलाफ जो प्राथमिकी दर्ज हुई है, उसकी वह शिकायत नहीं करेंगे, संविधान में सबको अधिकार है। उनको लगा होगा, उन्होंने मामला दर्ज कराया है, लेकिन अब धीरे-धीरे सामने आ रहा है कि मस्जिद वहां से बहुत दूर थी इसलिए जांच में सब साफ हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि देश में रहकर अगर कोई पाकिस्तान से प्रेम करेगा, आतंकवाद से प्रेम करेगा तो ऐसे कैसे चलेगा। उन्होंने जयपुर के दो विधायकों पर हमला बोलते हुए कहा कि ये तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं। भेदभाव करते हैं। धारा 144 लगी होने के बाद भी ये भीड़ इकट्ठा करके माहौल खराब करते हैं। बालमुकंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि आतंकवाद का सफाया करना प्रमुख कार्य है और सफाई होना चाहिए। आतंकवाद के खिलाफ सभी समाजों को आवाज उठानी चाहिए, लेकिन यहां कुछ लोग तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि आतंकवादियों को छुड़ाने के लिए और उनको बचाने के लिए कौन सामने आया। वकील किसने खड़े किए और किस दल के वकील थे। यह सब को पता है।

बालमुकंद ने कहा कि मोदी के कार्यकाल में दो घटनाएं ऊरी और अब पहलगाम वाली हुई हैं। इतनी सुरक्षित जगह होने के बाद भी वहां इतने अंदर आतंकवादी किस तरीके से पहुंचे कौन उनमें सहयोगी रहा। स्थानीय लोगों में कौन शामिल रहा यह जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आतंकवाद के पक्ष में खड़ी रही। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सनातनियों पर लगातार अत्याचार कर रही हैं और तुष्टीकरण की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि यह एक परिवार की पार्टी है। मां, बेटा बहन और जीजा। इनके अलावा इस पार्टी में बताओ कौन हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी भारतीय नहीं है इसलिए उनकी भावना देश से जुड़ी हुई भी नहीं है। उल्लेखनीय है कि श्री बालमुकंद आचार्य हाल ही जयपुर में एक धार्मिक स्थल के सामने पाकिस्तान मुर्दाबाद का नारा लगाने के दौरान एक वर्ग से तनातनी होने के चलते विवादों में आये। उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है। इसी मामले में वह पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups