ग्वालियर। मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी (Harish Chaudhary) ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम हमले (Pahalgam attack) के दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। चौधरी ने आज यहां संवाददाताओं से चर्चा में कहा कि कांग्रेस धर्म आधारित हिंसा के सदैव खिलाफ रही है और धर्म के आधार पर देश बांटने की साजिश का विरोध करती है। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमला पूरी तरह केन्द्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियों की चूक है। इसमें कांग्रेस की सरकार से मांग है कि दोषी कोई भी हो उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई हो। चाहे वह किसी भी जाति धर्म समाज के हों। इस मामले में कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) कहा है कि वह कार्रवाई करें, हम सरकार के साथ हैं।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने इसके साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा शासन (BJP rule) में संवैधानिक संस्थाओं, सार्वजनिक संस्थाओं को समाप्त किया जा रहा है, बल्कि संविधान के साथ भी छेडछाड करने की साजिश की जा रही है। संविधान की मूल भावना के लिए मध्यप्रदेश कांग्रेस ने संविधान बचाने का आव्हान किया है। भारत का संविधान कांग्रेस की देन है, जिसे कांग्रेस नेताओं के काफी संघर्ष के बाद आजादी को हासिल कर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक आयोजन में शामिल होकर कहा था कि संविधान बचाने कांग्रेस दायित्व का निर्वाह कर रही है। देश का संविधान बनाने में कांग्रेस विचार और विचारधारा का गौरव मिला है।
श्री चौधरी ने कहा कि 28 अप्रैल को राज्य स्तरीय रैली का आयोजन किया गया है। इसमें देश की एकता अखंडता का संकल्प लेंगे। इस रैली में भारत सरकार की संविधान विरोधी नीयत से आमजन को अवगत कराया जाएगा। इसके बाद जिला स्तर पर, विधानसभा स्तर पर रैलियां निकाली जाएंगी। संविधान एक दिन में समाप्त नहीं किया जा सकता है। 10 वर्षो की डाॅ मनमोहन सरकार भोजन का, सूचना का, भूमि अधिग्रहण का, वन अधिग्रहण आम नागरिकों के अधिकारों को लेकर बिल लेकर आयी। वहीं भाजपा दस वर्ष की सरकार में जो भी बिल लेकर आयी, उसमें भ्रम की स्थिति बनी हुई है। देश के नागरिकों के साथ संविधान को संजोने संवारने का कार्य कर श्री गांधी ने अपने दायित्व का निर्वहन किया है। संविधान की रक्षा की है। देश में जातिगत जनगणना की बात श्री गांधी कर रहे हैं। इसमें देश में समाजों में समानता आएगी। कांग्रेस इसके लिए दृढ इच्छा नीयत के साथ खडी है।
वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि राज्य में रोजगार को लेकर चिंता जायज है। लाडली बहना के तीन हजार रूपये नहीं आने से लेकर किसानों को वाजिब दाम नहीं मिलने आदि को लेकर पूछे प्रश्न के उत्तर में श्री पटवारी ने कहा कि ‘मोदी की गारंटी यानी झूठ की गारंटी है’। इसमें ना तो लाडली बहना को लाभ मिल रहा है न गैस सिलेंडर मिल रहा है ना ही किसान को लाभ मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के दोषियों के खिलाफ कडी कार्रवाई होना चाहिये। धर्म के आधार पर देश को बांटने की साजिश नहीं होनी चाहिए है। पत्रकार वार्ता में मध्यप्रदेश के सहप्रभारी संजय दत्त, प्रदेश मीडिया विभाग के प्रमुख मुकेश नायक, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष हिना कांवरे, सांसद राज्य सभा अशोक सिंह, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, विधायक सतीश सिकरवार आदि मौजूद थे।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Apr 27 , 2025, 06:24 PM