Ministers accused Dotasara: मंत्रियों ने डोटासरा पर लगाया राजनैतिक रोटियां सेंकने का आरोप!

Fri, Apr 25 , 2025, 07:52 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

जयपुर: राजस्थान में भजन लाल सरकार के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम(Jawahar Singh Bedham), खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा और नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा (Govind Dotasara) के बयान पर पलटवार करते हुए उन पर राजनैतिक रोटियां सेंकने का आरोप लगाया है।
 
बेढ़म ने गुरुवार को अपने बयान में कहा कि जहां देश पहलगाम आतंकवादी हमले से दुःखी है वहीं वह राजनैतिक रोटियां सेंकने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई का कार्यकर्ता माननीय मुख्यमंत्री के काफिले में आकर के व्यवधान पैदा करता है और उसकी कानून सम्मत गिरफ्तारी होती है। उसके विरोध में श्री डोटासरा डीजीपी ऑफिस पर धरने पर बैठ जाते हैं और सबसे शर्मनाक तो यह है कि इस प्रकरण के संबंध में श्री डोटासरा ने जो अमर्यादित टिप्पणी की है, जिसको बहन-बेटियों के सामने सुन भी नहीं सकते।

उन्होंने कहा कि डोटासरा के डीजीपी ऑफिस के बाहर और कांग्रेस मुख्यालय पर दिए गए बयान से कांग्रेस की नीयत और कांग्रेस के कल्चर में खोट साफ प्रदर्शित होती है। गोदारा ने कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले से पूरे देशभर में रोष व्याप्त है लेकिन डोटासरा सस्ती राजनीति कर नौटंकी कर रहे हैं। उन्होंने डीजीपी मुख्यालय पर जो बयान दिया है वो कांग्रेस की पोषित रीति और नीति को उजागर करते हैं।

गोदारा ने कहा कि मुख्यमंत्री के काफिले में एनएसयूआई कार्यकर्ता ने व्यवधान उत्पन्न किया। उसके खिलाफ पुलिस ने कानून कार्यवाही करते हुए संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार किया। इस प्रकरण के संबंध में डोटासरा ने डीजीपी ऑफिस पर धरने के दौरान जो अपशब्द कहे, वो बेहद निंदनीय हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों एवं स्वस्थ संसदीय परंपराओं के सिद्धांतो पर चलती है वहीं कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता हिंसा की मंशा से हमलावरों के रूप में आते हैं।

खर्रा ने कहा कि पूरा राष्ट्र पहलगाम आतंकवादी हमले से गुस्से में है। ऐसे समय में कांग्रेस पार्टी के नेता बौखलाहट में अमर्यादित बयानबाजी कर रहे हैं। ये किसी भी रूप में उचित नहीं है। खर्रा ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को निश्चित रूप से विचार करना चाहिए और अराजकता फैलाने वाले के साथ समर्थन में खड़ा नहीं होना चाहिए। ये एक नैतिकता का सवाल है। आप विरोध कीजिए, मुद्दों पर कीजिए लेकिन आपके पास मुद्दे ही नहीं है। आप हमारे कामकाज पर समालोचना कीजिए, हमें कहीं कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन अनावश्यक आप इस प्रकार का काम करेंगेे तो प्रदेश की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी। ना ही भारतीय जनता पार्टी इसे स्वीकार करेगी।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups