Tarini left for home: सागर परिक्रमा के अंतिम चरण में स्वदेश रवाना हुई तारिणी!

Tue, Apr 15 , 2025, 07:15 PM

Source : Uni India

नयी दिल्ली। समुद्र के रास्ते दुनिया का चक्कर लगाने निकली नौसेना की दो महिला अधिकारियों की स्वदेशी नौका आईएनएसवी तारिणी मंगलवार को भारतीय समयानुसार दो बजे यात्रा के अंतिम चरण में केपटाउन से गोवा के लिए रवाना हुई।

नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि तारिणी को यात्रा के अंतिम चरण के लिए रॉयल केप यॉट क्लब (Royal Cape Yacht Club) से औपचारिक रूप से रवाना किया गया। इस अवसर पर केप टाउन में भारत के कार्यवाहक महावाणिज्यदूत, दक्षिण अफ्रीका में भारत के रक्षा अताशे, क्लब की गवर्निंग काउंसिल के सदस्य और केप टाउन में भारतीय समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

नाविका सागर परिक्रमा अभियान के इस दूसरे संस्करण का उद्देश्य देश में समुद्री नौकायन (Sea Sailing) को बढ़ावा देना, सशस्त्र बलों में महिलाओं का सशक्तिकरण और स्वदेशी जहाज निर्माण क्षमताओं को उजागर करना है। तारिणी में सवार नौसेना की लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए का दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में अंतिम पड़ाव था और इसके बाद दोनों अधिकारी अपनी नौका तारिणी में स्वदेश रवाना हो गयी। केप टाउन में बंदरगाह प्रवास के दौरान तारिणी ने कई आउटरीच और कूटनीतिक जुड़ावों के लिए एक केंद्र के रूप में काम किया। इस यात्रा ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अवसर भी प्रदान किया और भारत तथा दक्षिण अफ्रीका के बीच बढ़ते समुद्री सहयोग पर प्रकाश डाला।

तारिणी के चालक दल ने लैंगिक समानता, महिला सशक्तिकरण और स्वदेशी नौका निर्माण में भारत की क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई संवाद कार्यक्रमों में भाग लिया। इनमें भारतीय प्रवासी छात्रों के साथ विशेष बातचीत भी शामिल थी। चालक दल ने इस पड़ाव के दौरान तारिणी का नियमित और आवश्यक रखरखाव भी किया। तारिणी के मई के अंत तक गोवा पहुँचने की उम्मीद है, जो भारत के समुद्री इतिहास में एक और गौरवपूर्ण अध्याय के सफल समापन का प्रतीक है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups