देवनानी ने छह विधानसभा कर्मियों का सेवानिवृत्त होने पर किया सम्मान!

Thu, Mar 27 , 2025, 06:30 PM

Source : Uni India

जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी (Vasudev Devnani) ने गुरुवार को यहां विधानसभा में उपसचिव देवेन्द्र चोटिया, सहायक सचिव लोकेश जैन (Lokesh Jain) एवं नरेश कुमार जैन (Naresh Kumar), अनुभाग अधिकारी चतुर्भुज जागा, सहायक कर्मचारी सुरेश चन्द शर्मा और मांगीलाल गुर्जर को सेवानिवृति पर माला एवं साफा पहनाकर, शॉल ओढाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि सेवा का आरम्भ और सेवानिवृत्ति का दिन अधिकारी और कर्मचारी के साथ ही उनके परिवारजन के लिए भी महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि अपने सेवाकाल में ऐसा कार्य करना चाहिए जिससे लोग आगे भी याद करें। लम्बी अवधि की विधानसभा सेवा की स्मृतियों को स्मरण करने का यह दिवस यादगार होता है। साथी कर्मियों और परिवारजन को मिलकर इस दिवस को उत्सव के रूप में मनाना चाहिए। विधानसभा में कार्य करने वाले अधिकारी और कर्मचारी सौभाग्यशाली होते है। लोकतंत्र के इस मंदिर में काम करने का मौका कुछ लोगों को ही मिल पाता है। लोकतंत्र के इस पवित्र स्थल पर मनोभाव और सकारात्मक दृष्टि से काम करके व्यक्ति निष्ठावान हो जाता है। विधान सभा के कर्मी सहभागिता से कार्य करते है, यह अच्छी बात है। संस्था के हित के लिए सामूहिक प्रयास करें। अपनी श्रेष्ठ क्षमताओं का उपयोग राष्ट्र के विकास में करें।

श्री देवनानी ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद मानव सेवा का स्टार्टअप आरम्भ करें। जीवनभर सक्रिय बने रहने का प्रयास करें। परिवारजन को भी यह महसूस होना चाहिए कि उनके परिवार के सदस्य ने राजस्थान विधानसभा जैसे गरिमामय स्थल पर काम किया है। इस अवसर पर विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक के के शर्मा राजस्थान विधानसभा सहकारी साख समिति के अध्यक्ष रवि जैन सहित अन्य पदाधिकारी तथा विधानसभा के अधिकारी एवं कर्मचारी और सेवानिवृत्त हुए कर्मियों के परिजन मौजूद थे।

इसके अलावा श्री देवनानी ने विधानसभा में राजकीय महाराज आचार्य संस्कृत महावि‌द्यालय जयपुर द्वारा प्रकाशित महाराज पंचांग का विमोचन भी किया। इस मौके पर जगदगुरू रामानन्दाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्ववि‌द्यालय के पूर्व कुलपति डा विनोद शास्त्री, पंचांग की प्रधान सम्पादक प्रो शालिनी सक्सेना, सम्पादक डा आलोक शर्मा, पण्डित आदित्य मोहन शर्मा, केदार शर्मा, डा सीमा जैन, सुषमा शर्मा और डा प्रशान्त शर्मा मौजूद थे।

उन्होंने विधानसभा में सनातन नववर्ष के उपलक्ष्य में 2100 पताकाओं के साथ 30 मार्च को आयोजित होने वाली विशाल शोभा यात्रा के पोस्टर का विमोचन किया। श्री देवनानी को आयोजकों ने बताया कि शोभायात्रा में ध्वज पूजन, पंचांग वाचन और आरोग्य औषधी वितरण भी होगा। श्री देवनानी ने भारतीय नववर्ष की सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। श्री देवनानी ने इंडिया हेल्थ पत्रिका का मार्च-अप्रैल, 2025 के नव प्रकाशित अंक का विमोचन भी किया। गुरुवार को बीकानेर के राजकीय उच्च माध्यमिक वि‌द्यालय बधिर के छात्रों ने राजस्थान विधानसभा और राजनैतिक आख्यान संग्रहालय को देखा। श्री देवनानी ने दिव्यांग छात्रों को विधानसभा स्थित शिव मंदिर में भोजन प्रसादी कराई।
 

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups