Madhya Pradesh Crime: विवाद सुलझाने गयी पुलिस पर हमला कर दिया, एसआई गंभीर घायल,  दो जवानों ने भागकर अपनी जान बचाई!

Mon, Mar 24 , 2025, 07:34 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

सीहोर: मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में विवाद सुलझाने गई पुलिस पर हमला कर दिया गया। मामले में इछावर थाने के एक एसआई गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं दो जवानों ने भागकर अपनी जान बचायी। पुलिस सूत्रों के अनुसार इछावर में आने वाले गांव खेरी निवासी कमलेश ने पिछले दिनों गांव गेरूखान थाना बिलकिसगंज की एक महिला से कोर्ट मैरेज कर उसे अपने गांव खेरी ले आया था। 

इस मामले की जानकारी जब महिला के परिजनों को लगी तो, वह शनिवार की रात गांव खेरी पहुंचे। इसी दौरान मामले की भनक लगते ही युवक और उसके परिजन डरकर घर छोड़कर भाग गए। आरोपियों ने घर को सूना देखकर उसमें तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया। इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। इस पर एसआई रामनारायण धुर्वे, दो आरक्षकों के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान आरोपी हेमराज, विशाल, गजराज, राहुल और भूरा ने पुलिस पर लाठी डंडों से हमला कर दिया।

हमले में एसआई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी जवानों ने मौके से भागकर अपनी जान बचायी। आरोपियों के हमले से घायल एसआई रामनारायण धुर्वे को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसआई के सिर में गंभीर चोट आई है।
एसआई श्री धुर्वे ने बताया कि शनिवार रात में ड्यूटी के दौरान झगड़े की सूचना पर वह ग्राम खेरी गए थे। इस दौरान आरोपियों में से एक व्यक्ति ने उनके सिर पर डंडा मार दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए, उनके सिर में छह टांके आए हैं।

इस संबंध में इछावर थाने के निरीक्षक बृजेश कुमार ने बताया कि बिलकिसगंज की एक लड़की के कोर्ट मैरेज से आक्रोशित उसके परिजन इछावर के ग्राम खेरी में युवक के घर आकर तोड़फोड़ कर रहे थे। इसकी सूचना प्राप्त होने पर एसआई और जवान मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इसके साथ ही एसआई पर हमला करने वाले के मामले में जांच की जा रही है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups