देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) के नेतृत्व वाली सरकार ने रविवार को अपने तीन वर्षों का कार्यकाल पूरा कर लिया। इसे राज्य भर में सेवा और विकास के संकल्प के साथ मनाया गया। राज्य के सभी तेरह जनपदों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। जिनमें काफी बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। इन शिविरों में स्वास्थ्य जांच, पेंशन योजनाएं (Pension schemes), स्वरोजगार सहायता, शिक्षा से जुड़े लाभ और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं सुविधाएं दी गईं।
धामी ने आज सुबह देहरादून में अपनी सरकार के तीन साल पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘फिट इंडिया, फिट उत्तराखंड रन’ और ‘साइकिल रैली’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उनका एक अलग ही रंग देखने को मिला। जब श्री धामी युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाते नजर आए। उन्होंने सिर्फ साइकिल ही नहीं चलाई, बल्कि मैदान में उतरकर युवाओं के साथ ‘पुश अप्स’ भी लगाए। यह दृश्य युवाओं में जोश भरने वाला था। जहां उन्होंने खुद फिटनेस का संदेश देते हुए राज्य के नौजवानों को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।
अपनी सरकार के तीन साल पूरे होने पर, देहरादून में श्री धामी ने एक बड़े रोड शो में भाग लिया। सड़कों पर उमड़े जनसैलाब ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। पूरे शहर में उत्साह और उल्लास का माहौल था, जहां लोग अपने मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए एकत्र हुए थे। रोड शो के दौरान, मुख्यमंत्री ने जनता का अभिवादन स्वीकार किया और अपनी सरकार के प्रति उनके विश्वास के लिए आभार जताया। इस भव्य आयोजन के बाद श्री धामी ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया जिसमें उन्होंने अपनी सरकार की तीन वर्षों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्यकाल केवल योजनाओं की घोषणाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस कार्यों के जरिए जनकल्याण को साकार करने का प्रयास किया गया है।
अपने संबोधन में श्री धामी ने प्रदेशवासियों को एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बोलने में सावधानी नहीं रखते, जिससे कभी-कभी क्षेत्रवाद या जातिवाद की बातें सुनाई देती हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य का कोई भी व्यक्ति, यदि संकीर्ण क्षेत्रवाद या जातिवाद की बात करता है, तो वह न केवल उन आंदोलनकारियों के बलिदान के साथ अन्याय करता है, जिन्होंने इस प्रदेश के निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, बल्कि वह अपनी मातृभूमि के खिलाफ भी कार्य करता है। उन्होंने सभी को आपसी एकता और भाईचारे को बनाए रखने की अपील की।
परेड मैदान की इस जनसभा के दौरान, श्री धामी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया और उनके अनुभवों को साझा किया। उन्होंने अपने कार्यकाल में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों को भी जनता के सामने रखा। जिनमें प्रमुख रूप से समान नागरिक संहिता (UCC) जिसे लागू करने वाला, उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना। नकल विरोधी कानून, जिसमें प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देश का सबसे सख्त कानून लागू किया गया। लैंड जिहाद पर सख्त कार्रवाई, जिससे प्रदेश की सांस्कृतिक अस्मिता और सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए गए। चारधाम यात्रा का विस्तार कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में बड़े विकास कार्य किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास के बुनियादी ढांचे में सुधार की बात करते हुए, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे, पर्वत माला रोपवे परियोजना जैसी योजनाओं से प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत हुई। उन्होंने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 से राज्य में रिकॉर्ड निवेश आया, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिला। धामी ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार केवल तीन साल की उपलब्धियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रदेश को ‘विकसित उत्तराखंड’ बनाने के लिए आगे भी इसी गति से कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों में राज्य में नए रोजगार के अवसर सृजित करने, पर्यटन को और अधिक समृद्ध बनाने, महिलाओं और युवाओं के लिए विशेष योजनाएं लागू करने और आधारभूत संरचना को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि धामी सरकार के तीन साल केवल राजनीतिक स्थिरता के प्रतीक ही नहीं, बल्कि उन्होंने उत्तराखंड में सुशासन, विकास और सामाजिक समरसता की मजबूत नींव रखी है। इस अवधि में सरकार ने ऐतिहासिक फैसले लिए, जिनका सीधा लाभ प्रदेश की जनता को मिला। भव्य रोड शो, जनसभाएं और बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से इस अवसर को मनाकर सरकार ने यह संदेश दिया कि उसकी प्राथमिकता सदैव ‘जन सेवा’ ही रहेगी।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Mar 23 , 2025, 07:52 PM