भाजपा और आप ने विधानसभा सत्र के दौरान जनता की कमाई को बर्बाद कियाः यादव

Mon, Mar 03 , 2025, 08:01 PM

Source : Uni India

नयी दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव (Devendra Yadav) ने कहा है कि दिल्ली विधानसभा के पांच दिन के सत्र के दौरान सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) और विपक्षी दल आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) ने दिल्लीवालों के खून पसीने की कमाई को बर्बाद करने का काम किया है।  यादव ने कहा कि दोनों दलों के टकराव के कारण सदन की कार्यवाही बाधित हुई और विधानसभा के पटल पर शराब घोटाले और स्वास्थ्य संबधी नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट रखने के बाद भी भाजपा सरकार आप सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ अभी तक कोई निर्णायक कदम नहीं उठा सकी है। उन्होंने कहा कि अधिकतर समय दोनों पार्टियों की नूरा कूश्ती में निकल गया। दिल्ली की जनता के हित और विकास के लिए कोई भी निर्णय लेने में दिल्ली सरकार पूरी तरह नाकाम साबित रही है।


उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता को भाजपा द्वारा किए वादों को पूरा होने के लिए अभी इंतजार करना होगा, क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तरह लोगों को गुमराह करने वाली राजनीति की शुरुआत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी शुरु कर दी है। महिलाओं, शिक्षकों, व्यापारियों, गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) आदि से सलाह लेंगे, फिर बजट में जनता से किए गए संकल्पों को लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा, "मैं पूछना चाहता हूं कि वोट लेने से पहले क्या जनता से कहा था कि हम सत्ता में आने के बाद आपसे सलाह लेंगे, फिर महिलाओं को 2500 रुपये देने के लिए सोचेंगे?" उन्होंने कहा यह विचारनीय है कि भाजपा का हर मंत्री खजाना खाली है कि रट लगा रहा है, क्या यह अपने संकल्पों को पूरा न करने की साजिश तो नही? क्योंकि भाजपा ने किसी भी राज्य की सत्ता में आने के बाद अपने वादों को पूरा नहीं किया है।


श्री यादव ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली वालों को प्रति रसोई गैस सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी और होली तथा दिवाली गैस सिलेंडर मुफ्त देने का भी वादा किया था, जिस पर दिल्ली मंत्रिमंडल ने कोई निर्णय नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लुभावने वादों और झूठी घोषणाओं में दिल्ली की जनता कही ठगी तो नहीं गई है, क्योंकि दिल्ली की मुख्यमंत्री ने पद ग्रहण करने के बाद अभी तक दिल्ली की जनता के हितों से संबधित कोई भी जिम्मेदाराना बयान नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि एक संदेश जरुर सामने आया है कि दिल्ली सरकार केन्द्र सरकार के दिशा- निर्देश पर चल रही है। मुख्यमंत्री स्वेच्छा से कोई निर्णय लेती दिखाई नहीं दे रही हैं।


उन्होंने कहा कि श्रीमती गुप्ता बजट में सुझाव के लिए ईमेल और व्हाटसएप नम्बर जारी करके दिल्ली की जनता से झूठी सहानूभूति और अपना प्रचार करने की राजनीति कर रही है। ऐसी गतिविधियों के बाद साबित हो गया है कि भाजपा और आप दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई और बेरोजगारी, दिल्ली सरकार में कार्यरत अनुबंधित कर्मचारियों के हितों पर कोई चर्चा नहीं कर रही है। क्या जो पहले था सब कुछ वैसा ही रहने वाला है, जबकि महिलाओं, युवाओं, पेशवरों, व्यापारियों और कर्मचारियों को नई सरकार से कुछ उम्मीदें है, लेकिन 24 मार्च, तक दिल्लीवालों को इंतजार करना पड़ेगा, क्योंकि दिल्ली का बजट 24-26 मार्च के बीच प्रस्तुत किया जाएगा।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups