Anant Swaroop Vajpayee: पत्रकारिता में मथुरा की पहचान देशभक्तजी का 83 वर्ष में निधन!

Thu, Feb 27 , 2025, 07:43 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

मथुरा: मथुरा जिले की पत्रकारिता और शिक्षा जगत में विशिष्ट मुकाम पा चुके अनंत स्वरूप वाजपेयी ‘देशभक्त’ (Anant Swaroop Vajpayee 'Deshbhakt') का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। वे 83 वर्ष के थे। पत्रकारिता जैसे व्यस्त पेशे में होने के बावजूद देशभक्त जी बेहद धर्मभीरू व्यक्ति थे। वे अक्सर स्थानीय मंदिरों के साथ ही गोवर्धन परिक्रमा के लिए जाया करते थे। उन्होंने अपना शरीर महाशिवरात्रि जैसे बड़े धार्मिक पर्व के दिन त्यागा। देशभक्त जी लगभग 48 वर्ष तक पत्रकारिता से जुड़े रहे। उन्होंने समाचार एजेंसी यूनीवार्ता से पत्रकारिता की शुरुआत की और उसके बाद जनतायुग, प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया, हिन्दुस्तान टाइम्स, टाइम्स ऑफ इंडिया, पंजाब केसरी और अमर उजाला जैसे प्रमुख अखबारों और एजेंसियों में अपनी सेवाएं दीं।

अमर उजाला से लंबे समय तक जुड़ाव रहने के कारण वह उसका पर्याय बन गए थे। देशभक्त जी, उन गिने-चुने पत्रकारों में से थे, जिनकी सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक सभी विषयों पर खासी पकड़ थी। धार्मिक विषयों पर तो उनकी लेखनी अति विशिष्ट होती थी। प्रशासनिक कमियों को निर्भीकता से उजागर करने की उनकी शैली के अधिकारी भी कायल रहते थे और उनके सक्रिय पत्रकारिता कम कर देने के बावजूद उनका मार्गदर्शन लेते रहते थे। देशभक्त जी ने मथुरा में अमरनाथ विद्या आश्रम जैसी प्रमुख शैक्षिक संस्था को खड़ा करने में बड़ा योगदान दिया। 

इस संस्था के लिए शुरुआती आठ साल ऑनरेरी सेवाएं देने के बाद वे कई वर्ष तक यहां के प्राचार्य भी रहे। वे पिछले एक माह से अस्वस्थ चल रहे थे। देशभक्त जी ने अपने पीछे पत्नी, दो बेटों और एक पुत्री का भरा-पूरा परिवार छोड़ा है। बड़े बेटे अरविंद वाजपेयी लखनऊ में ‘गुजरात वैभव’ समाचार पत्र में कार्यरत हैं और छोटे पुत्र रोहित वाजपेयी मथुरा में ही अमरनाथ डिग्री कॉलेज में कार्यरत हैं। पुत्री आरती कनाडा में निवास कर रही हैं। देशभक्त जी के पार्थिव शरीर का संस्कार गुरुवार को किया जाएगा।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups