क्या राज्य का दर्जा एक और जुमला था, जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष का भाजपा से सवाल!

Mon, Feb 24 , 2025, 08:03 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

जम्मू: जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा (Tariq Hameed Karra) ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) से सवाल किया कि क्या वर्तमान केंद्र शासित प्रदेश का राज्य का दर्जा बहाल करने की प्रतिबद्धता नरेन्द्र मोदी सरकार का एक और जुमला था।

कर्रा ने मुथी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार द्वारा पूरे जम्मू-कश्मीर के लोगों की सबसे लोकप्रिय मांग की निरंतर उपेक्षा पर स्थानीय भाजपा के रुख पर सवाल उठाया। उन्होंने आश्चर्य जताया कि क्या यह मोदी सरकार के कई अन्य जुमलों की तरह है, जिन्हें कभी पूरा नहीं किया गया। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस तब तक चैन से नहीं बैठेगी जब तक केंद्र सरकार संसद में, शीर्ष न्यायालय के समक्ष और हाल के विधानसभा चुनावों के दौरान जम्मू-कश्मीर के लोगों के समक्ष राज्य के दर्जे की प्रतिबद्धता को पूरा नहीं करती। उन्होंने कहा, “लोगों से भारी जनादेश मिलने के बाद स्थानीय भाजपा इकाई और पार्टी के विधायकों की चुप्पी सबसे अधिक आश्चर्यजनक है। क्या यह आम जनता की सबसे बुनियादी मांग और लोगों के अधिकार के साथ केंद्र का निरंतर धोखा नहीं है।”

उन्होंने कहा कि निर्वाचित सरकार के पास शक्तियों के अभाव में लोग पीड़ित हैं तथा बेरोजगार युवा, दैनिक वेतनभोगी, संविदा, तदर्थ, समेकित अस्थायी और एनएचएम कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता जैसे विभिन्न वर्ग सरकार से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डोगरा सबसे अधिक प्रभावित हैं और पहचान, स्थिति, सम्मान और अपनी भूमि, नौकरियों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के अधिकारों के नुकसान से सबसे अधिक आहत हैं, जिन्हें प्रभावशाली बाहरी लोगों द्वारा लूटा और कब्जाया जा रहा है।

श्री कर्रा ने कहा कि कांग्रेस का आजादी से पहले और बाद में बलिदानों का इतिहास रहा है क्योंकि इसके दो प्रधानमंत्रियों ने अपनी जान दी जबकि भाजपा के पास ‘माफीनामा’ पार्टी की विरासत है। उन्होंने कहा, “हमारी विचारधारा और देश का संविधान विविधता में एकता पर आधारित है, जबकि भाजपा वोट बैंक की राजनीति के लिए विभाजन और सांप्रदायिकता में विश्वास करती है।”

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups