नयी दिल्ली। केंद्र सरकार ने देश में गैर-संचारी रोगों (NCD) के बढ़ते मामलों को देखते हुए गुरुवार से विशेष सघन एनसीडी जांच अभियान शुरू किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने यहां बताया कि यह अभियान 31 मार्च चलेगा। इसका उद्देश्य मधुमेह और उच्च रक्तचाप के साथ-साथ ओरल, ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर जैसे गैर-संचारी रोगों के उपचार के लिए 30 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी व्यक्तियों की शत प्रतिशत जांच करना है।
मंत्रालय ने कहा है कि इस अभियान का उद्देश्य गैर-संचारी रोगों का शीघ्र पता लगाना और समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इससे स्वास्थ्य देखभाल की लागत कम होने और देश भर में व्यक्तियों के जीवन की समग्र गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है। मंत्रालय के अनुसार यह अभियान राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग रोकथाम और नियंत्रण कार्यक्रम (NP-NCD) के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और देश भर में विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में चलाया जाएगा। प्रशिक्षित आशा, एएनएम और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ता ज्यादा से ज्यादा जांच सुनिश्चित करने के लिए संपर्क करेंगे तथा लोगों के घरों तक पहुंचेंगे।
राज्य और केंद्र शासित प्रदेश सभी स्वास्थ्य देखभाल केंद्रों (Health care centers) पर बीपी मॉनिटर, ग्लूकोमीटर और आवश्यक दवाओं सहित आवश्यक चिकित्सा आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे। जांच, उपचार और कार्रवाई का डाटा प्रतिदिन एनपी-एनसीडी पोर्टल पर डाला जाएगा। इससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। अभियान के निर्बाध क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य केंद्रों, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। मंत्रालय ने बताया कि राज्य और केंद्र शासित प्रदेश प्रतिदिन शाम छह बजे तक मंत्रालय को जानकारी उपलब्ध कराएंगे जिससे निरंतर निगरानी और तकनीकी सहायता मिल सकेगी।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Feb 20 , 2025, 06:59 PM