यरुशलेम। इज़रायल की संसद ने फिलिस्तीन शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत और कार्य एजेंसी (UNRWA) को इज़राइल में काम करने से रोकने वाले दो विधेयकों को मंजूरी दे दी है। इज़रायली मीडिया (Israeli media) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इज़रायल का कहना है कि यूएनआरडब्ल्यूए के कर्मचारी फिलिस्तीनी आंदोलन हमास से जुड़े हुए हैं। इजरायली क्नेसेट की विदेश मामलों और रक्षा समिति (Foreign Affairs and Defense Committee) ने छह अक्टूबर को यूएनआरडब्ल्यूए को देश में काम करने से रोकने के लिए एक विधेयक के मसौदे को मंजूरी दी थी।
‘द जेरूसलम पोस्ट’ ने सोमवार को बताया ,“ इज़रायली संसद ने यूएनआरडब्ल्यूए पर प्रतिबंध लगाने वाले विधेयकों को मंजूरी दे दी है, जिसमें 92 वोटों के मुकाबले 10 वोटों से यह प्रस्ताव पारित हुआ है।” इन विधेयकों के पारित होने के बाद, कई देशों ने अपनी चिंता व्यक्त की है, जिनमें कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, जर्मनी, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन शामिल हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को एक नोट भेजकर यूएनआरडब्ल्यूए के काम पर प्रतिबंध लगाने वाले विधेयक के बारे में गहरी चिंता व्यक्त की थी।
यह विधेयक यूएनआरडब्ल्यूए की गतिविधियों और सेवाओं को इज़रायली जमीन पर पूरी तरह से प्रतिबंधित कर देगा और इसके कर्मचारियों की कानूनी प्रतिरक्षा को समाप्त कर देगा। इसके परिणामस्वरूप, यूएनआरडब्ल्यूए को इज़राइल और फिलिस्तीनी क्षेत्रों में काम करने से रोका जा सकता है, क्योंकि इज़रायल गाजा और वेस्ट बैंक दोनों की पहुंच को नियंत्रित करता है। यूएनआरडब्ल्यूए फिलिस्तीनी शरणार्थियों के लिए मुख्य सहायता प्रदाता है, जो गाजा और वेस्ट बैंक में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सेवाएं प्रदान करता है । यह एजेंसी लगभग सात लाख फिलिस्तीनी शरणार्थियों की मदद करती है, जिनमें से अधिकांश गाजा में रहते हैं।
इज़रायल का कहना है कि यूएनआरडब्ल्यूए के कर्मचारी हमास से जुड़े हुए हैं और एजेंसी की सेवाएं आतंकवादी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल की जा रही हैं। यूएनआरडब्ल्यूए ने हालांकि, इन आरोपों का खंडन किया है और कहा है कि वह अपने कर्मचारियों की जांच करती है और किसी भी अवैध गतिविधि के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करती है। एमनेस्टी इंटरनेशनल की सेक्रेटरी जनरल एग्नेस कैलामार्ड ने इस कदम की निंदा की है, कहा है कि यह ‘मानवतावादी सहायता के अपराधीकरण’ के समान है और फिलिस्तीनी शरणार्थियों के अधिकारों पर सीधा हमला है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Oct 29 , 2024, 10:22 PM