लाल सागर में हूती समूह के यूनानी जहाज पर हमला ,चालक दल के सदस्य सुरक्षित

Sat, Aug 24 , 2024, 03:09 AM

Source : Uni India

अदन। लाल सागर (Red Sea) में यूनान के एक तेल टैंकर जहाज (Greek oil tanker ship) पर हूती विद्रोहियों (Houthi rebels) ने हाल ही में हमला कर दिया जिससे उसमें आग लग गयी और जहाज के डूबने की आशंका है। राहत की बात यह रही कि चालक दल के सभी 25 सदस्यों को बचा लिया गया है ।

ब्रिटेन मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने शुक्रवार को बताया कि यूनान के एमवी सोयूनियन नाम के इस जहाज पर बंदरगाह शहर होदेइदाह से लगभग 77 समुद्री मील (लगभग 143 किलोमीटर) पश्चिम में पिछले दो दिनों से यमन के हूती समूह द्वारा तीन अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया, जिससे, जहाज में आग लग गई और इंजन बंद हो गया। यूकेएमटीओ ने बताया कि यूनान स्वामित्व वाले और ध्वजांकित तेल टैंकर के सभी 25 चालक दल के सदस्यों को एक यूरोपीय युद्धपोत द्वारा सफलतापूर्वक बचा लिया गया है।

यूरोपीय संघ के लाल सागर नौसैनिक मिशन ‘एस्पाइड्स’ ने एक बयान में पुष्टि की कि उसके एक जहाज ने बचाव अभियान के दौरान एक मानवरहित सतही जहाज को नष्ट कर दिया था। चालक दल के सदस्यों को बाद में जिबूती ले जाया गया। ‘एस्पाइड्स’ ने चेतावनी दी कि जहाज में लगी आग से अब नौवहन और पर्यावरण दोनों के लिए खतरा बन गया है। यमन के विद्रोही संगठन हूती ने गुरुवार को इस हमले की जिम्मेदारी ली।

हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरिया ने समूह के अल-मसीरा टीवी के माध्यम से कहा कि उनके समूह ने यूनानी जहाज सोयूनियन को निशाना बनाया क्योंकि इसे संचालित करने वाली कंपनी का इजरायल के साथ लेन-देन था। उन्होंने दावा किया कि जहाज पर ‘सटीक और सीधा हमला’ किया गया था और इसके डूबने का खतरा है।

गौरतलब है कि ये हमले लाल सागर में जहाजों पर हूती बलों द्वारा किए गए हमलों की श्रृंखला का हिस्सा हैं। समूह का दावा है कि ये कार्रवाई गाजा में इजरायल और हमास के बीच चल रहे संघर्ष के बीच फिलिस्तीनियों के साथ एकजुटता में की गई है। हूती समुद्री हमलों के जवाब में, क्षेत्र में सक्रिय अमेरिकी नेतृत्व वाले नौसैनिक गठबंधन ने हूती सैन्य स्थलों पर हमले बढ़ा दिए हैं। फिलहाल, इसने केवल प्रतिशोधात्मक आदान-प्रदान को और बढ़ाने का काम किया है, जिसमें हूती समूह ने उन जहाजों को निशाना बनाना जारी रखने की कसम खाई है, जो इजरायल से जुड़े हैं।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups