० विधानसभा में केवल एक ही शिवसेना का अस्तित्व
० एक ही पार्टी में दो व्हिप नहीं हो सकते: नार्वेकर
महानगर संवाददाता
मुंबई। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर (Rahul Narvekar) ने कहा कि विधानमंडल में शिवसेना एक ही पार्टी है, एक पार्टी में दो व्हिप नहीं हो सकते। शिवसेना एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) की है और भरत गोगावले सचेतक हैं। ऐसे में ठाकरे गुट के विधायक भी शिवसेना के हैं और उन पर भरत गोगावले का व्हिप लागू होगा। बुधवार को नार्वेकर ने शिवसेना विधायकों की अयोग्यता मामले में फैसला सुनाते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना को असली शिवसेना मानते हुए मुख्य सचेतक भरत गोगावले (Bharat Gogavale) के व्हिप को वैध ठहराया था।
एक मराठी न्यूज चैनल को दिए गए साक्षात्कार में नार्वेकर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने दिशा-निर्देश दिए हैं कि पहले राजनीतिक पार्टी किसकी यह तय करने के बाद सचेतक कौन होगा? यह तय किया जाए। हमने कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही फैसला सुनाया है। पहले राजनीतिक दल तय किया गया और इसके बाद सचेतक तय किया गया। राजनीतिक पार्टी का चुनाव करते वक्त एकनाथ शिंदे की शिवसेना असली पाई गई। ऐसे में भरत गोगावाले की नियुक्ति वैध पाई गई। उन्होंने कहा कि फिलहाल विधानसभा अध्यक्ष के सामने महाराष्ट्र विधानमंडल के गुटों में से सिर्फ शिवसेना विधानमंडल गुट का अस्तित्व है। एक ही पार्टी में दो व्हिप नहीं हो सकते। जिसकी मैंने सचेतक के रूप में नियुक्त की है, उसका ही व्हिप मान्य होगा। ऐसे में भरत गोगावले का व्हिप मानना ठाकरे गुट के लिए अनिवार्य होगा।
यह पूछे जाने पर कि विधानसभा में उद्धव ठाकरे के विधायक कहां बैठेंगे? इसके जवाब में नार्वेकर ने कहा कि विधानसभा में उन्हें जो सीट दी गई है, वहां उन्हें बैठना होगा। फिलहाल विपक्ष के नेता का पद कांग्रेस के पास है। सभी के आसन तय किए गए हैं। उन्हें उस सीट पर बैठना होगा। मेरे लिए शिवसेना विधानमंडल गुट सत्तारुढ़ पार्टी है, ऐसे में कोई अलग रुख अपनाना चाहता है, तो यह उसका खुद का निर्णय होगा और इससे होने वाले परिणाम के लिए वे खुद जिम्मेदार होंगे। इधर ठाकरे गुट के विधायक सुनील प्रभु (Sunil Prabhu) ने कहा कि हम इस मामले पर कानूनी सलाह लेंगे।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Jan 11 , 2024, 09:47 AM