महापरिनिर्वाण दिवस पर दादर चैत्यभूमि पर उमड़ा जन सागर

Wed, Dec 06 , 2023, 08:20 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

आम से लेकर खास लोग पहुंचे अभिवादन करने
जल्द ही तैयार हो जाएगा इंदु मिल में स्मारक    
मुंबई।
भारत रत्न डॉ.बाबा साहेब आंबेडकर (Bharat Ratna Dr. Baba Saheb Ambedkar) के 67 वें महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए आम से लेकर खास लोग दादर स्थित चैत्य भूमि पहुंचे। महामानव की वंदना करने के लिए चैत्य भूमि पर विशाल जनसागर उमड़ पड़ा। राज्यपाल रमेश बैस (Governor Ramesh Bais), मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde), उपमुख्‍यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार, पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने चैत्य भूमि पहुंचकर डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर का अभिवादन किया। मुंबई महानगरपालिका की तरफ से भीम अनुयायियों की सुविधा के लिए सभी इंतजाम किए गए थे। हेलीकॉप्टर से चैत्य भूमि क्षेत्र एवं स्मारक पर पुष्प वर्षा की गई। राज्‍यपाल, मुख्‍यमंत्री ने इस मौके पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इंदु मिल में बाबा साहेब का स्मारक जल्द तैयार हो जाएगा।  
मुंबई महानगर पालिका ने किए तगड़े इंतजाम  
महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर बृहन्मुंबई महानगर पालिका के  जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित फोटो प्रदर्शनी का गणमान्य व्यक्तियों ने अवलोकन किया। इस अवसर पर बृहन्मुंबई महापालिका के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुंबई महापालिका द्वारा प्रकाशित ‘डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर यांच्या जागतिक पाऊलखुणा’ नाम की पुस्तक गणमान्‍यों को भेट की गई। मुंबई मनपा की तरफ से आंबेडकरी अनुयायियों के रहने के लिए अस्थाई व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, एलईडी टीवी, हिरकणी कक्ष बनाए गए थे। किसी भी अनुचित घटना को रोकने के लिए पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त किया गया था। 250 अधिकारी, 2 हजार कर्मचारी, सीआरपीएफ की 9 टुकड़ी, आरपीएफ के जवान, दंगल नियंत्रण पथक, वृद्ध और छोटे बच्चों की तलाश करने वाला दस्ता तैनात किया गया था। मनपा की तरफ से  दूर दराज इलाकों से आए अनुयायियों के लिए मनपा ने चैत्यभूमि क्षेत्र, शिवाजी पार्क, दादर रेलवे स्टेशन, राजगृह (हिंदू कॉलोनी दादर), डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर कॉलेज (वडाला) और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (कुर्ला) में सभी आवश्यक सिविल सेवा सुविधाएं उपलब्ध कराई थी। मनपा की टीम ने अनुयायियों के बीच करीब एक लाख फूड पैकेट और पानी की बोतल वितरित की। पानी की उपलब्धता के लिए जगह-जगह टैंकर की सेवा उपलब्ध कराई गई थी। कंट्रोल रूम के साथ विभिन्न 11 स्थानों पर एम्बुलेंस के साथ मेडिकल टीम तैनात की गई थी। 1 लाख वर्ग फुट क्षेत्र के मंडप का निर्माण किया गया था। शिवाजी पार्क और आसपास की एरिया में पर्याप्त संख्या में मोबाइल शौचालय की व्यवस्था की गई थी।
महान शिक्षाविद थे बाबा साहेब आंबेडकर: राज्यपाल    
बाबा साहेब के महापरिनिर्वाण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेश बैस ने कहा कि दुनिया भर के लोग भारतीय संविधान के निर्माता के रूप में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को जानते हैं। देश के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है। बैस ने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर एक महान शिक्षाविद् थे, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि शोषित वर्ग को शिक्षा मिलनी चाहिए। वे वंचितों और बहुजनों को शिक्षा दिलाने के लिए काम करते रहे। पीपुल्स एजुकेशन सोसायटी जैसी संस्थाओं के माध्यम से वह काम आज भी जारी है। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों के लिए काम किया और महिलाओं को सम्मान दिलाया। इंदु मिल में भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का स्मारक बन रहा है और मुझे विश्वास है कि यह काम जल्द ही पूरा हो जाएगा।
हमें दिया दुनिया का सर्वश्रेष्ठ संविधान: शिंदे  
मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि  डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा देश को दिया गया संविधान दुनिया का सर्वश्रेष्ठ संविधान है। इस संविधान के अनुसार भारतीय लोकतंत्र चल रहा है। भारतीय संविधान संवैधानिक जीवन जीने का मार्ग है। मुख्यमंत्री ने कहा कि  डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने कानून, अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, सिंचाई, महिला नीति, शिक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में नीतियां तैयार की और इन नीतियों में मानवीय विचारों को जोड़ा। इसलिए देश की एकता, भाईचारे और एकात्मता के सिद्धांतों को बल मिला। संविधान दिवस 26 नवंबर को मनाया जाता है। सरकार ने आज की पीढ़ी को संविधान के महत्व को समझाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। सुप्रीम कोर्ट में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई। इसी तरह इंदु
मिल में  दुनिया को आश्चर्यचकित करने वाले भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के स्मारक का निर्माण किया जा रहा है। इस स्मारक का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। इसके साथ ही धर्मार्थ साधना प्रकाशन समिति के काम को भी गति दी गई है।
देश की प्रगति में बड़ा योगदान: फडणवीस
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भारत बहुत तेजी से प्रगति कर रहा है। भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया के पांचवें स्थान पर है। हम तीसरे स्थान पर आने की कोशिश कर रहे हैं। इसका श्रेय डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान को जाता है। भारत के संविधान ने सभी बहुजनों को न्याय दिलाने की व्यवस्था बनाई है। डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा मंत्री रहते हुए किए गए कार्य भारत के निर्माण में एक महत्वपूर्ण कदम है। इंदु मिल में भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का भव्य स्मारक जल्द ही बनकर तैयार होगा। दीक्षाभूमि में 200 करोड़ के विकास कार्य प्रारंभ किए गए हैं। साथ ही लंदन में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का घर सरकार ने खरीद लिया है। इस संग्रहालय को देखने के लिए देश - विदेश के पर्यटक आते हैं।
स्‍मारक के लिए निधि की कमी नहीं होगी: पवार
उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के इंदु मिल में डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर का विश्व स्तरीय भव्य स्मारक बनाया जा रहा है और इस स्मारक के लिए निधि की कमी नहीं होने दी जाएगी। उपमुख्यमंत्री पवार ने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने समाज में समानता और भाईचारा स्थापित करने के लिए सफलतापूर्वक संघर्ष किया। सर्वोत्तम संविधान बनाया। एक शिक्षाविद, अर्थशास्त्री, जल विशेषज्ञ , कृषक, संरक्षणवादी के रूप में उनका काम अलौकिक है। वे एक दूरदर्शी प्रशासक थे। कार्यक्रम को मुंबई शहर के पालक मंत्री दीपक केसरकर ने भी संबोधित किया। शिवसेना उबाठा प्रमुख उद्धव ठाकरे ने चैत्यभूमि जाकर बाबा साहेब आंबेडकर का अभिवादन किया।
इस मौके पर मुंबई उपनगर के पालक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, खेल और युवक कल्‍याण मंत्री संजय बनसोडे, सांसद  राहुल शेवाळे,  विधायक और मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार,  प्रवीण दरेकर,सदा सरवणकर, कालिदास कोलंबकर, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के पोते भीमराव आंबेडकर, पूर्व सांसद नरेंद्र जाधव, मुंबई महापालिका के आयुक्त डॉ. इकबाल सिंह चहल, अतिरिक्त आयुक्त अश्विनी जोशी, भिक्षु महासंघ के अध्यक्ष डॉ. भदंत राहुल बोधी महाथेरो, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर महापरिनिर्वाण दिन समन्वय समिति के उपाध्यक्ष महेंद्र सालवे, महासचिव नागसेन कांबले उपस्थित थे।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups