mumbai municipal elections: उद्धव ठाकरे की मुंबई मनपा चुनाव कराने की चुनौती

Tue, Dec 05 , 2023, 08:35 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

कहा, चुनाव बैलेट पेपर से करके दिखाओ
मंत्रालय के पास नवनिर्मित शिवालय का उद्घाटन  
महानगर संवाददाता
मुंबई।
शिवसेना ठाकरे गुट प्रमुख उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने कहा कि राजस्थान,  छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव हो चुके हैं, इन चुनावों में भाजपा को बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि मुंबई महानगर पालिका चुनाव (mumbai municipal elections) करके दिखाओ। साथ ही उन्होंने कहा कि मुंबई मनपा चुनाव बैलेट पेपर से होने चाहिए।
ठाकरे ने यह बात दक्षिण मुंबई स्थित पार्टी के पुननिर्मित कार्यालय शिवालय का उद्घाटन (Inauguration of Office Pagoda) अवसर के बाद पत्रकारों से बातचीत करते कही। उन्होंने कहा कि भाजपा को राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में बड़ी सफलता मिली है। अब मुंबई महानगरपालिका का चुनाव करके दिखाओ। तुम्हारी इतनी ही लहर है तो लोकसभा चुनाव बैलेट पेपर पर होने दो। हमारे मन में कोई शंका नहीं होनी चाहिए, पूरा वातावरण विरोध में है। एग्जिट पोल और उलटफेर वाले नतीजे आ रहे हैं, तो फिर ऐसा कैसे हुआ? यह सवाल मतदाताओं की तरफ से पूछे जा सकते हैं, उनकी शंका को दूर करने के लिए चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराएं जाए। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर की गिनती में समय लगता है, लेकिन लोकतंत्र और देश का भविष्य तय करने वाले चुनावों में वोटों की गिनती में दो-तीन दिन लग जाएं तो क्या फर्क पड़ेगा। उन्होंने सवाल किया कि महापालिका चुनाव दो-दो साल आगे टाल दिए गए हैं, क्या इसमें समय नहीं लग रहा है? ठाकरे ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि यदि आपमें साहस और आत्मविश्वास है तो आपको  देश भर में मतपत्रों पर लोकसभा चुनाव जीतना चाहिए। नहीं तो मुंबई महापालिका  चुनाव बैलेट पेपर के जरिए करके दिखाओ। 

 
16 दिसंबर को अडानी समूह के खिलाफ मोर्चा
शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने कहा कि वह 16 दिसंबर को अडानी समूह के मुंबई कार्यालय तक एक मार्च का नेतृत्व करेंगे और दावा किया कि सरकार धारावी पुनर्विकास परियोजना के मामले में स्पष्ट रूप से व्यापारिक समूह का पक्ष ले रही है। ठाकरे ने कहा कि धारावी पुनर्विकास परियोजना के लिए अडानी समूह को लाभ पहुंचाने के लिए कई संदिग्ध निर्णय लिए गए हैं। इसमें टीडीआर (हस्तांतरणीय विकास अधिकार) बिक्री प्रावधान भी शामिल है, जिससे अडानी समूह को काफी फायदा होगा। ठाकरे ने कहा कि धारावी क्षेत्र के निवासियों के हितों की रक्षा के लिए शिवसेना 16 दिसंबर को अडानी समूह के कार्यालय तक मार्च करेगी। मैं शनिवार को रैली का नेतृत्व करूंगा।  महाराष्ट्र सरकार ने जुलाई में औपचारिक रूप से 259 हेक्टेयर की धारावी पुनर्विकास परियोजना को अडानी समूह की कंपनी को सौंपा था। ठाकरे ने सवाल किया कि क्या राज्य सरकार विशाल झुग्गी बस्ती धारावी के निवासियों की कीमत पर अडानी समूह को फायदा पहुंचाने की कोशिश कर रही है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups