पिछले साल जनवरी में निकला था टेंडर
अक्टूबर में शुरू होना था निर्माण कार्य
मुंबई : बीएमसी कमिश्नर आई. एस. चहल (Chahal) को उस समय बड़ा झटका लगा जब दक्षिण मुंबई को गड्ढा मुक्त (pothole free) करने के लिए नियुक्त ठेकेदार का ठेका रद्द करना पड़ा। अब बीएमसी ने दोबारा दक्षिण मुंबई में रोड को सीमेंटेड करने का टेंडर जारी किया है। इससे दक्षिण मुंबई के 26 रोड को सीमेंटेड किया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत 1362 करोड़ रुपये है। दक्षिण मुंबई में रोड को सीमेंटेड करने का काम अक्टूबर 2023 में ही शुरू होना चाहिए था लेकिन ठेकेदार काम नहीं शुरू कर सका। इसलिए बीएमसी ने उस पर 10 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया था। बीएमसी ने ठेकेदार को नोटिस देकर हियरिंग के लिए बुलाया था लेकिन ठेकेदार शामिल नहीं हुआ। आखिरकार बीएमसी ने पिछले दिनों ठेकेदार का ठेका रद्द कर दिया और मंगलवार को दोबारा दक्षिण मुंबई की सड़कों को सीमेंटेड करने के लिए टेंडर जारी किया। बीएमसी रोड डिपार्टमेंट के एक अधिकारी ने बताया कि इच्छुक कंपनियां 27 दिसंबर 2023 तक टेंडर भर सकती हैं। हमें उम्मीद है कि इसके लिए कई कंपनियां आगे आएंगी। पुरानी घटना से सबक लेते हुए हम टेंडर होने के बाद जल्द से जल्द टेंडर जारी करेंगे जिससे काम जल्दी शुरू हो सके।
बता दें कि वर्ष 2022 में मॉनसून के दौरान मुंबई की सड़कों पर बने गड्ढों को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट ने बीएमसी प्रशासन (BMC Administration) को फटकार लगाई थी। तब बीएमसी मुख्यालय आए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई की सड़कों को दो साल में गड्ढा मुक्त करने की घोषणा की थी। तब कमिश्नर ने कहा था कि सड़कों को पूरी तरह से सीमेंटेड कर इस समस्या से निपटा जा सकता है। मुंबई की 400 किमी से अधिक लंबी 212 सड़कों को सीमेंटेड करने के लिए जनवरी 2023 में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई। बीएमसी ने मुंबई में शहर और दोनों उपनगरों में सड़कों को सीमेंटेड करने का ठेका 5 कंपनियों को दिया था। इसमें सिटी डिवीजन की 26 सड़कों का काम शामिल था। सड़कों को सीमेंटेड करने के लिए 6078 करोड़ रुपये से अधिक का टेंडर जारी किया गया था। सड़क का काम मॉनसून खत्म होने के बाद अक्टूबर से शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन ठेकेदार बार-बार चेतावनी के बावजूद काम शुरू नहीं कर पाया। आखिरकार बीएमसी ने ठेकेदार का ठेका रद्द कर दिया और नए सिरे से अब टेंडर जारी किया है।
बीएमसी के अडिशनल कमिश्नर ( प्रोजेक्ट) पी वेलरासु (P Velarasu) ने कहा कि सिटी की सड़कों को सीमेंटेड करने के लिए जिस ठेकेदार को ठेका दिया गया था वह समय पर काम शुरू नहीं कर पाया इसलिए उस पर जुर्माना भी लगाया गया। आखिरकार उसका ठेका पिछले दिनों रद्द कर दिया गया था। अब नया टेंडर जारी किया गया है। हमें उम्मीद है कि जल्द ही सारी प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू किया जाएगा।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Dec 05 , 2023, 07:38 AM