victory celebration : भाजपा प्रदेश कार्यालय में जीत का जश्न

Sun, Dec 03 , 2023, 10:19 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

नेताओं और पदाधिकारियों ने एक-दूसरे को बांटी मिठाई
महानगर संवाददाता
मुंबई।
चार राज्यों के आए विधानसभा चुनाव परिणाम में तीन राज्यों में भाजपा को मिली भारी जीत के बाद मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार (Ashish Shelar) के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश कार्यालय में जोरदार जश्न मनाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में एकत्रित हुए भाजपा के नेता और पदाधिकारियों ने एक- दूसरे को मिठाई बांटी और ढोल-ताशों पर कार्यकर्ताओं ने डांस किया तथा पटाखे फोड़े। आशीष शेलार ने कहा कि जनसेवक बनकर देश के गरीबों, मजदूरों, किसानों और मेहनतकशों की सेवा करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) का अपमान करने वाली कांग्रेस को चुनाव नतीजे के बाद पता चल जाएगा कि पनौती कौन है और चुनौती कौन है?
पत्रकारों से बातचीत करते हुए शेलार ने कहा कि चार राज्यों के नतीजों में जनता ने कांग्रेस और विदेशी राजनीति करने वाली इंडिया गठबंधन को नकार कर जनता की सेवा कर रही भाजपा के पक्ष में वोट किया है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सशक्त नेतृत्व, अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) की रणनीति के अलावा भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत की सफलता है। हमने विनम्रतापूर्वक इस जीत को स्वीकार किया है। उन्होंने इस चुनाव में कड़ी मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी बधाई दी। संजय राऊत का नाम लिए बगैर शेलार ने कहा कि सड़क पर खड़े होकर हर दिन एक नेता कहता है कि भाजपा की सत्ता नहीं आएगी। ऐसे  बेरोजगार पत्रकार को पोपटलाल कहते हैं। मीडिया के चार कैमरों को छोड़ दें तो उस व्यक्ति को कौन पूछ रहा है? इस अवसर पर विधायक प्रवीण दरेकर, प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष चित्रा वाघ, पूर्व मंत्री राम शिंदे, राज पुरोहित, अतुल शाह प्रदेश मीडिया के सह संयोजक ओम प्रकाश चौहान समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

मुंबई मनपा में यूबीटी को मिलेंगी सिर्फ 50 सीट
शेलार ने कहा कि मुंबई मनपा के होने वाले चुनाव में यूबीटी को सिर्फ 50 सीटें मिलेंगी और राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की तरह महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में भाजपा को भारी जीत मिलेगी। शेलार ने कहा कि इसका नेतृत्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार करेंगे। मुंबई मनपा में भाजपा को 150 से ज्यादा सीटें मिलेंगी, भले ही यूबीटी को पचास सीटें मिलें, लेकिन हम ठाणे का प्रसिद्ध स्वर्ण पेढ़ा यूबीटी के नेताओं को भेजेंगे।

नवी मुंबई, वसई-विरार में जल्लोष  
भाजपा की तीन राज्यों में जीत के मौके पर नवी मुंबई और वसई-विरार (Vasai-Virar) में भी जश्न मनाया गया। नवी मुंबई भाजपा की तरफ से वाशी के छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर जीत की खुशी मनाई गई। नवी मुंबई भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप नाईक के नेतृत्व में वाशी शिवाजी चौक पर आयोजित इस उत्सव मे पूर्व सांसद डॉक्टर संजीव नाईक, भाजपा आईटी सेल प्रमुख सतीश निकम, पूर्व स्थायी समिति के सभापति संपत शेवाले, नवीन गवते, नवी मुंबई भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष माधुरी सुतार, युवा मोर्चा अध्यक्ष अमित मेढकर, लोकसभा विस्तार के अरुण पडते, पूर्व नगरसेवक शशिकांत राऊत, लीलाधर नाइक, प्रकाश मोरे, अंजलि वालुंज, सुरेश शेट्टी, वैशाली नाइक, उषा भोईर, शुभांगी पाटिल, शशिकला पाटिल, भारती पाटिल, रविकांत पाटिल, सैली शिंदे, राजेश शिंदे, कृष्णा पाटिल समेत बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी, वंदे मातरम और भारत माता की जय के साथ-साथ जय श्री राम के नारे भी लगाए गए।
भाजपा की इस जीत का जश्न वसई तालुका में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नालासोपारा विधानसभा प्रमुख राजन नाईक के मार्गदर्शन में युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विनीत तिवारी के नेतृत्व में पूरे शहर में बाइक रैली निकाली गई। तुलिंज रोड स्थित राधाकृष्ण होटल के पास ढोल-नगाड़े बजाकर मिठाईयां बांटी गई। इसी प्रकार विरार पूर्व और पश्चिम, लिंक रोड पर व गणेश मंदिर के पास नालासोपारा विधानसभा में कई जगह और वसई विधानसभा प्रमुख मनोज पाटिल के मार्गदर्शन में वसई पारनाका और अन्य जगहों पर जीत का जश्न मनाया गया। विजय उत्सव दौरान पत्रकारों को प्रतिक्रिया देते हुए जिला उपाध्यक्ष प्रमुख मनोज बारोट ने बताया कि भाजपा की यह जीत, राष्ट्र प्रेम, सनातन धर्म और मोदी की गारंटी पर देश की जनता के विश्वास की जीत है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups