० संजय राऊत की झलकी विकृत मानसिकता: फडणवीस
० हमारे पास 27 फोटो और 5 वीडियो हैं: संजय राऊत
महानगर संवाददाता
मुंबई। सांसद संजय राऊत (Sanjay Raut) के एक्स’ पर एक फोटो ट्वीट करने से महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है और शिवसेना उबाठा और भाजपा में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। राऊत ने एक्स पर एक फोटो शेयर किया है, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले कैसिनो में बैठे नजर आ रहे हैं, इसके जवाब में प्रदेश भाजपा ने भी एक फोटो शेयर करते हुए सवाल किया कि आदित्य ठाकरे के इस गिलास में किस ब्रांड की व्हिस्की है? बावनकुले की तरफ से कहा गया कि वे परिवार सहित मकाऊ की यात्रा पर हैं। मकाऊ में जिस होटल में वे रूके हैं, वहां रेस्टोरेंट और कैसिनो एक साथ हैं। वहीं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने कहा कि इस फोटो को शेयर करने से संजय राऊत की विकृत मानसिकता झलकती है, इससे पता चलता है कि वे कितने हताश हो चुके हैं।
राऊत ने एक्स पर लिखा कि फोटो में दिख रहे व्यक्ति ने एक ही रात में कैसीनो में 3.50 करोड़ रुपए उड़ा दिए अर्थात सही मायने में अच्छे दिन आ गए हैं। उन्होंने कहा कि वे किसी के निजी खुशी में खलल डालने के इच्छुक नहीं है, लेकिन महाराष्ट्र की सामाजिक स्थिति क्या है? बताया जा रहा है कि वे परिवार के साथ हैं, तो क्या फोटो में कोई चीनी परिवार है? जितना अधिक झूठ बोलोगे, उतना ही फंसोगे।
शिवसेना उबाठा सांसद ने दावा किया कि उनके पास 27 फोटो और 5 वीडियो हैं, फिर भी हमें इंसानियत है। 27 फोटो और वीडियो सामने आई तो भाजपा को दुकान बंद करनी पड़ेगी, लेकिन मैं ऐसा नहीं करूंगा, यह दुकान 2024 तक चलनी चाहिए। राऊत ने कहा कि वे कभी किसी पर व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करते। हमारे पास बाला साहेब ठाकरे के संस्कार हैं। महाराष्ट्र में आपके पास ईडी और सीबीआई होगी, हमारे पास मकाऊ में ईडी और सीबीआई है।
वहीं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस मामले से उबाठा सांसद संजय राऊत की विकृत मानसिकता झलकती है, इससे पता चलता है कि वे कितने हताश हो चुके हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले पूरे परिवार के साथ होटल में रूके थे, जहां उन्होंने भोजन किया, वहां कैसिनो है। यह विकृत मानसिकता बंद होनी चाहिए। इतनी हताशा योग्य नहीं है। मार्फ किए गए फोटो से आप इतना बड़ा आरोप लगा रहे हैं। वे राजनीति का स्तर नीचे गिरा रहे हैं।
इधर प्रदेश भाजपा ने एक्स एक फोटो शेयर करते हुए लिखा कि हमारे प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने अपने जीवन में कभी जुआ नहीं खेला। वे होटल में अपने परिवार सहित रूके हैं। जिसकी पूरी जिंदगी जुआ बन गई, वह इससे परे जाकर देख नहीं सकता। हमारा संजय राऊत से एक ही सवाल है कि आदित्य के इस गिलास में किस ब्रांड की व्हिस्की है?
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि महाराष्ट्र में किसान संकट में हैं। युवा बेरोजगारी से पीड़ित हैं। महंगाई ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है, लेकिन सत्तारूढ़ भाजपा को इससे कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले की मकाऊ में जुआ खेलते हुए तस्वीरें मीडिया और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। शिवसेना सांसद संजय राऊत ने बावनकुले के जुए खेलते हुए फोटो ट्वीट किया है। क्या ये फोटो असली है ? क्या बावनकुले जुआ खेल रहे थे? अगर ऐसा है तो फिर जुआ खेलने के लिए उनके पास करोड़ों रुपए कहां से आए? इसकी जांच होनी चाहिए।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Nov 20 , 2023, 07:32 AM