निलंबित किया गया अडियल विवाह अधिकारी....

Wed, Oct 25 , 2023, 09:31 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

दिव्यांग दूल्हन को दूसरी मंजिल पर आने के लिए किया था मजबूर
रिश्तेदारों को सीढियों के जरिए ले जाना पड़ा रजिस्ट्रेशन आफिस तक
मुंबई।
क्षितिज नायक और विराली मोदी विवाह पंजीयन के लिए मुंबई उपनगर (mumbai suburb) के जिला कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन विवाह पंजीयन अधिकारी को बताने के बावजूद कोई व्यवस्था नहीं की गई और रिश्तेदारों ने दिव्यांग विराली को दो मंजिला इमारत की सीढिय़ों से ऊपर पहुंचाया। अधिकारियों से नीचे आने का अनुरोध किया गया, लेकिन वे राजी नहीं हुए। सोशल मीडिया पर यह मामले सामने आने के बाद उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Deputy Chief Minister Devendra Fadnavis) ने इस पर खेद जताते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया था। बुधवार को इस मामले में सरकार (Government) ने एक्शन लेते हुए मुंबई उपनगर के विवाह पंजीयन अधिकारी अरुण घोडेकर को निलंबित कर दिया। निलंबन की अवधि के दौरान उन्हें चंद्रपुर जिला मुख्यालय में हाजिर रहना होगा।
विवाह कानून के तहत संबंधित अधिकारियों को दफ्तर से दूर जाकर विवाह पंजीयन करने का प्रावधान है। किन्हीं कारणों से आवेदक कार्यालय तक नहीं पहुंचे सकते तो विवाह अधिकारी उनकी सहायता कर सकते हैं, लेकिन अरुण घोडेकर ने इस नियम का पालन नहीं किया, ऐसे में उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
क्या है पूरा मामला
विकलांगता अधिकार कार्यकर्ता विराली मोदी ने मुंबई में एक विवाह रजिस्ट्रार ऑफिस में अपने बुरे अनुभव को एक्स पर शेयर किया है। विराली मोदी ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में उन्होंने बताया कि वह 16 अक्टूबर को खार में रजिस्ट्रार कार्यालय में शादी करने गई थी, लेकिन कार्यालय दूसरी मंजिल पर था। वहां विकलांग लोगों के जाने के लिए कोई उपाय नहीं किए गए थे। इतना ही नहीं कार्यालय में लिफ्ट भी नहीं थी। ऐसे में उन्होंने विवाह की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए अधिकारियों से नीचे आने का आग्रह किया। लेकिन किसी अधिकारी ने इससे इंकार कर दिया। विराली ने बताया कि कार्यालय में लिफ्ट नहीं होने वजह से उन्हें ऊपर जाने में काफी मुश्किल हुई। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रार कार्यालय की सीढ़ियां भी खड़ी थीं। साथ ही रेलिंग की भी हालत ठीक नहीं थी। उन्होंने सवाल किया कि मैं व्हीलचेयर उपयोगकर्ता हूं, क्या मुझे उस व्यक्ति से शादी करने का अधिकार नहीं है, जिससे मैं प्यार करती हूं? अगर वहां कोई फिसल गया होता तो क्या होता और अगर मैं अपने गिर जाती तो क्या होता? इसका कौन जिम्मेदार है? उन्होंने आगे कहा कि मैं निराश हूं कि मेरे देश की सरकार और नागरिक मेरी विकलांगता को स्वीकार नहीं कर सकते।
उपमुख्यमंत्री ने जताया था खेद
रजिस्ट्रार कार्यालय की पोल खोलने वाले उनके इस पोस्ट को कई बार यूजर्स को रीट्वीट किया गया है। जिसके बाद उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि वह इस मुद्दे पर गौर करेंगे। फडणवीस ने कहा कि उन्हें जो कुछ झेलना पड़ा, उसके लिए उन्हें खेद है। फडणवीस ने उन्हें विवाह की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप दोनों को सुखी और सुंदर वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं। साथ ही आपको हुई असुविधा के लिए मुझे वास्तव में खेद है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups