महानगर संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य अशोक चव्हाण (Ashok Chavan) को तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल (KC Venugopal) ने एक पत्र के माध्यम से जानकारी दी कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अशोक चव्हाण और कर्नाटक के मंत्री एनएस बोस राजू को यह जिम्मेदारी सौंपी है। 119 सदस्यीय तेलंगाना विधानसभा के लिए 30 नवंबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।
पिछले कई दशकों से राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अशोक चव्हाण को पिछले कुछ महीनों में कांग्रेस पार्टी की तरफ से राष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। उदयपुर और रायपुर में हुए पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में उन्हें राजनीतिक मसौदा समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वे गोवा, गुजरात, कर्नाटक आदि राज्यों में कांग्रेस के स्टार प्रचारक भी रहे। उन्हें पांच राज्यों असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में चुनावों की समीक्षा की जिम्मेदारी भी दी गई थी। उन्हें मुंबई में आयोजित इंडिया गठबंधन की बैठक के लिए कांग्रेस पार्टी का समन्वयक नियुक्त किया गया था। चव्हाण को हाल ही में कांग्रेस वर्किंग कमेटी में भी नियुक्त किया गया, जिसे कांग्रेस पार्टी में सर्वोच्च माना जाता है और अब उन्हें तेलंगाना चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी के विशेष पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
पवार-आंबेडकर मुलाकात एक शुभ संकेत
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि एक कार्यक्रम के दौरान हुई वंचित बहुजन आघाडी प्रमुख प्रकाश आंबेडकर और राकांपा प्रमुख शरद पवार की मुलाकात स्वागत योग्य है। यह महाविकास आघाड़ी के अगले कदम के लिए शुभ संकेत है। चव्हाण ने कहा कि मेरी व्यक्तिगत इच्छा है कि प्रकाश आंबेडकर और महाविकास आघाड़ी को आगामी चुनाव में एक साथ आना चाहिए।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Oct 21 , 2023, 10:02 AM