अगस्त क्रांति मैदान से 'मेरी माटी मेरा देश' अभियान शुरू
मुंबई। राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) ने बुधवार को ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान से 'मेरी माटी मेरा देश' अभियान की शुरुआत की। शिंदे ने इस अवसर पर कहा कि देश के लिए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की वजह से हम स्वतंत्रता के स्वर्णिम क्षण का अनुभव कर रहे हैं। 'मेरी माटी मेरा देश' अभियान के माध्यम से उनके प्रति आभार प्रकट करते हुए ऐतिहासिक विरासत को संवारने का काम किया जाएगा। स्वराज्य का गौरव महाराष्ट्र (Maharashtra) की धरती से उभरा है, हर किसी को इस पर गर्व होना चाहिए। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Deputy Chief Minister Ajit Pawar) भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मेरी माटी मेरा देश' अभियान की घोषणा की है। इस अभियान में वीरों को याद करने के लिए देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शिंदे ने कहा कि महात्मा गांधी ने यहीं से अंग्रेजों को ‘भारत छोड़ो’ का नारा दिया था। भारत छोड़ो आंदोलन को आजादी के दिनों में 'ऑपरेशन जीरो आवर' से दबाने की कोशिश की गई, लेकिन उनका यह दांव उल्टा पड़ा। बड़े नेताओं के गिरफ्तारी से आम लोगों ने इस आंदोलन को अपने हाथ में ले लिया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र ने देश को बड़ी संख्या में संत, समाज सुधारक और क्रांतिकारी भी दिये हैं। किसानों, मजदूरों ने योगदान दिया। इसलिए न केवल उनके बलिदान को याद कर, बल्कि युवाओं तक उनकी निष्ठा पहुंचाकर भी यह अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है।
अगस्त क्रांति मैदान का अलग ही महत्व: फडणवीस
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि 9 अगस्त स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि देने का दिन है। हमने इस स्थान पर शहीदों को याद करके, पौधरोपण करके, राष्ट्रीय तिरंगा फहराकर और अपनी मिट्टी को श्रद्धांजलि देकर शुरुआत की है। आने वाले समय में हम इन पंचप्रणों के माध्यम से एक नागरिक के रूप में देश को विकसित करने के अपने सपनों को जरूर पूरा करेंगे।
देशभक्ति की यह लौ जलती रहेगी : अजित पवार
उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा कि देश की आजादी के लिए लोगों का आंदोलन अगस्त क्रांति मैदान से शुरू हुआ था। इन स्वतंत्रता सेनानियों, उनके परिवारों ने देश के लिए बलिदान दिया। देश भक्ति की यह लौ जलती रहेगी और हम सभी को इसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए काम करना होगा। कई लोगों ने देश की प्रगति में योगदान दिया है। इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल, सांस्कृतिक कार्य मंत्री सुधीर मुनगंटीवार, मुंबई उपनगर के पालक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, मुख्य सचिव मनोज सौनिक, विधायक मनीषा कायंदे, विधायक आशीष शेलार, विधायक यामिनी जाधव, विधायक सदा सरवणकर, मुंबई महापालिका के आयुक्त इकबाल सिंह चहल उपस्थित थे।
मंत्रालय के अधिकारी, कर्मचारियों को पंचप्रण की शपथ
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को मंत्रालय के अधिकारी-कर्मचारियों को पंचप्रण की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने भारत को 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करने, गुलामी की मानसिकता को जड़ से खत्म करने, देश की समृद्ध विरासत को गौरवान्वित करने, भारत की एकता को मजबूत करने और इसकी रक्षा करने वालों का सम्मान करने की शपथ दिलाई। 'मेरी माटी मेरा देश' अभियान के तहत मंत्रालय के त्रिमूर्ति प्रांगण आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार, सांस्कृतिक कार्य मंत्री सुधीर मुनगंटीवार आदि उपस्थित थे।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Aug 09 , 2023, 07:41 AM