विजय वडेट्टीवार विधानसभा में विपक्ष के नेता नियुक्त

Thu, Aug 03 , 2023, 07:31 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

० मानसून सत्र के समापन की पूर्व संध्या पर नियुक्ति
मुंबई।
महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर  ने गुरुवार को कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार (Vijay Vadettiwar) को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता प्रदान कर दी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता अजित पवार के इस्तीफा देकर शिंदे सरकार में शामिल होने के बाद से ही यह पद रिक्त था। 17 जुलाई से शुरू हुए मानसून  सत्र का शुक्रवार 4 जुलाई को समापन हो जाएगा, यानी मानसून सत्र की पूर्व संध्या पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष मिला है। विधानसभा में अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने विजय वडेट्टीवार के नाम का प्रस्ताव रखा। वडेट्टीवार को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे(Eknath Shinde), उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) और उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Ajit Pawar) सदन में उन्हें नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी तक ले गए।

मुख्यमंत्री शिंदे ने रखा अभिनंदन प्रस्ताव
शिवसेना और राकांपा में हुए बगावत के बाद कांग्रेस विधानसभा में नंबर दो की पार्टी बन गई। विधानसभा में पार्टी के 44 विधायक हैं। नेता प्रतिपक्ष का नाम तय करने में कांग्रेस हाईकमान ने लंबा समय लगा दिया। आखिरकार चंद्रपुर जिले की ब्रह्मपुरी सीट से कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार के नाम पर मुहर लगा दी है। दिल्ली नेतृत्व ने राज्य इकाई को यह भी सूचित किया कि वरिष्ठ नेता बालासाहेब थोरात कांग्रेस विधायक दल के नेता बने रहेंगे। वडेट्टीवार की नियुक्ति के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अभिनंदन प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र की आत्मा है। विपक्ष के नेता का पद लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने वडेट्टीवार को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने 80 फीसदी सामाजिक कार्य और 20 प्रतिशत राजनीति के  फॉर्मूले का पालन किया। मुख्यमंत्री ने यह भी उम्मीद जताई कि वे विपक्ष के नेता के रूप में राजनीति को किनारे रखकर महाराष्ट्र को देश में शीर्ष स्थान पर ले जाने में सहयोग करेंगे। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि विजय वडेट्टीवार की पहचान जमीन से जुड़े नेता की रही है। वे जनता के हित के लिए काम करते हैं। उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि आक्रामक स्वभाव, सामाजिक मुद्दों की जानकारी और वैचारिक बैठक करने वाले  विजय वडेट्टीवार अपने कर्तव्यों से नहीं चूकेंगे। वे अपनी जिम्मेदारी पूरी लगन से निभाएंगे। विपक्ष के नेता पद की एक लंबी परंपरा है। इस पद पर काम करने वाले लोग आगे चलकर राज्य और केंद्र में भी बड़े पदों पर काम कर चुके हैं।

आम लोगों की आवाज उठाता रहूंगा
अभिनंदन प्रस्ताव का उत्तर देते हुए विजय वडेट्टीवार (Vijay Vadettiwar) ने कहा कि वे आम जनता के लिए हमेशा आवाज उठाते रहेंगे। वडेट्टीवार ने कहा कि वे लंबे संघर्ष के बाद इस पद तक पहुंचे हैं। ऐसे में उन्हें आम लोगों, किसानों की समस्याओं के बारे में जानकारी है। हम किसी भी प्रश्न को केवल राजनीति की भावना से न देखते हुए आम आदमी को न्याय दिलाने के लिए सदैव कार्य करते रहेंगे। अभिनंदन प्रस्ताव पर बाला साहेब थोरात, जयंत पाटिल, भास्कर जाधव, कालिदास कोलंबकर, नाना पटोले ने भी अपने विचार रखे।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups